बाजार गया किशोर दो दिन से लापता, तलाश में जुटी पुलिस
हाथरस, 28 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव जैतई से 16 वर्षीय किशोर लापता हो गया है। परिजनों की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
गांव जैतई निवासी गजेंद्र कुमार पुत्र राजबहादुर ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई प्रशांत कुमार, जिसकी उम्र 16 वर्ष है, 27 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे सादाबाद जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर प्रशांत की काफी तलाश की। उन्होंने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। जब कई प्रयासों के बाद भी प्रशांत का पता नहीं चला, तो परिवार ने पुलिस से मदद मांगी। गजेंद्र कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में अपने भाई की सकुशल बरामदगी की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है और जल्द ही किशोर को बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना