भारतीय संस्कृति से ही मानव का कल्याण : सुभाष

 




संघ स्वयंसेवकों ने निकाला पथ संचलन, नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर दिया भव्य स्वागत

बहराइच, 12 अप्रैल (हि.स.)। संविधान शिल्पी भारत रत्न बाबा साहब डॉक्टर भीमराव रामजी अंबेडकर की जन्म जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के तत्वावधान में रविवार को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष ने स्वयंसेवकों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाई। बंधुता जब जीवित होती है तो स्वतंत्रता क्षमता आदि स्वयं में प्रभावित रहती है। भारतीय संस्कृति के द्वारा ही मानव का कल्याण है, इसलिए बंधुता सभी के अंदर जीवित होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि हम सभी लोग विक्रम संवत 2083 में प्रवेश कर चुके हैं। प्रतिपदा का अर्थ है निरंतर आगे बढ़ते जाना है। निरंतर आगे बढ़ने का संदेश भारतीय संस्कृति देती है। हमारे यहां माह का निर्धारण किसी राजा महाराजा के नाम पर नहीं, बल्कि नक्षत्र के आधार पर है।

उन्होंने कहा की कमजोर की बात दुनिया नहीं सुनती है इसलिए हमें मजबूत रहना चाहिए, एक रहना चाहिए। अनेक महापुरुषों ने संगठन शक्ति के आधार पर ही देश की रक्षा की है, कलयुग में संगठन ही शक्ति का आधार है। दुनिया हमारा परिवार है हमें सभी को साथ लेकर आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम 16 कलाओं से युक्त भगवान श्री कृष्ण, विश्व के कल्याण के लिए विष पीने वाले वाले महादेव और मातृशक्ति के सम्मान में लंका लाघने वाले महाबली हनुमान हमारे पास हैं। उन्होंने कहा कि समाज की स्थिति को देखते हुए संघ संस्थापक डॉ हेडगेवार ने संघ की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि डॉ साहब जन्मजात देशभक्त थे और उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए निरंतर कार्य किया। संघ की स्थापना के समय पूज्य डॉक्टर साहब ने कहा था कि हमें देश, समाज, धर्म, संस्कृति के लिए जीने वाले लोग चाहिए। संघ संस्थापक डॉक्टर हेडगेवार कभी नकारात्मक भाव नहीं रखते थे उनकी सोच सकारात्मक थी। वह हमेशा कहा करते थे कि हिंदुओं को सद्गुणों से पूर्ण कीजिए। संघ शाखा के माध्यम से सद्गुणों से युक्त स्वयंसेवकों के निर्माण का कार्य कर रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की कार्य पद्धति हमें जीना सिखाती है। संघ के स्वयंसेवक राष्ट्रीय एवं समाज हित में निरंतर कार्य कर रहे हैं।

पथ संचलन महाराज सिंह इंटर कॉलेज से दो दिशाओं में एक साथ निकाला गया। प्रथम संचलन दल महाराज सिंह इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर गुरु नानक चौक, डिगिहा चौराहा, छावनी चौराहा, घंटाघर एवं छोटी बाजार होते हुए महाराज सिंह इंटर कॉलेज पहुंचा। द्वितीय संचलन दल भी महाराज सिंह इंटर कॉलेज से होकर पानी टंकी तिराहा, डीएम तिराहा, पीपल तिराहा, घंटाघर, छोटी बाजार होते हुए महराज सिंह इंटर कॉलेज पहुंचा। कार्यक्रम का संचालन जिला कार्यवाह भूपेंद्र ने किया।

कार्यक्रम में सह विभाग संघ चालक कृष्णानंद, वरिष्ठ प्रचारक प्रांत सामाजिक समरसता संयोजक राज किशोर, विभाग कार्यवाह अंबिका प्रसाद, विभाग प्रचारक कृष्ण कुमार, जिला प्रचारक अजय, धर्मेंद्र सिंह, विभाग प्रचार प्रमुख अतुल गौड़, आलोक पाठक, विपिन जिला प्रचार प्रमुख, श्रवण द्विवेदी, डॉ देवेंद्र, बांकेलाल, शिवम द्विवेदी, नगर कार्यवाह शिवम नारायण, राम सकल, कृष्ण कुमार नंदन, इंद्रेश, अभिषेक, उत्तम, अमर सिंह, रमेश पाठक एवं विचार परिवार के लोग एवं सैकड़ों की संख्या में स्वयंसेवक बंधु सहित समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा