बागपत में 8.38 लाख मतदाताओं की अंतिम सूची जारी
बागपत, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए गए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के तहत जनपद बागपत की अंतिम मतदाता सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अस्मिता लाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सूची की प्रतियां वितरित कीं। साथ ही एक सप्ताह में मतदाता सूची जांचने के लिए कहा है।
बैठक में जिले की तीनों विधानसभा सीटों—छपरौली, बड़ौत और बागपत की अंतिम निर्वाचक नामावलियां जिला स्तर पर तथा सम्बंधित तहसीलों में प्रकाशित कराई गई हैं। इसके साथ ही सभी मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों पर भी सूची आमजन के निरीक्षण के लिए उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रशासन द्वारा बताया गया है कि अंतिम सूची जारी कर दी गयी है। जनपद में कुल 8,38,375 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 4,64,051 पुरुष, 3,74,315 महिला और 9 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले का औसत ईपी अनुपात 56.41 और जेंडर अनुपात 807 दर्ज किया गया है। विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो छपरौली में 2,93,080, बड़ौत में 2,59,271 और बागपत में 2,86,024 मतदाता दर्ज किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अंतिम मतदाता सूची को जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है। साथ ही इसे एक सप्ताह तक मतदान केंद्रों पर अवलोकन के लिए रखा जाएगा। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने निकटतम बूथ या ऑनलाइन माध्यम से अपने नाम, आयु, लिंग और अन्य विवरणों की जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी भी त्रुटि को समय रहते सुधारा जा सके। ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। मतदाता अपनी प्रविष्टि जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://bagpat.nic.in/deo-portal-baghpat/ पर जाकर अथवा अपने निकटतम मतदेय स्थल पर जाकर देख सकते हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीत कुमार उपाध्याय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी