विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग: बागपत के छह युवा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित
बागपत, 18 नवंबर (हि.स.)। विकसित भारत का सपना और उसे साकार करने के लिए युवाओं की सोच बुधवार को बागपत में आयोजित जनपद स्तरीय चैंपियनशिप में देखने को मिली। विकास भवन सभागार में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 में करीब नौ हजार युवाओं ने प्रतिभाग किया। विभिन्न चरणों के बाद छह युवाओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ। ये युवा लखनऊ में बागपत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित प्रतियोगिता के क्विज राउंड में करीब नौ हजार और निबंध प्रतियोगिता में 900 युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें से चयनित 46 प्रतिभागियों ने फाइनल राउंड में विकसित भारत से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर शिवम, आर्यवर्त त्यागी, गुनगुन शर्मा, कुणाल चौहान, अदिति तोमर और दीक्षा को राज्य स्तर के लिए चुना गया।
मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने युवाओं के विचारों की सराहना करते हुए उन्हें जनपद के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता में एआई और मौलिक चिंतन के महत्व पर विशेष चर्चा हुई।
शिक्षाविद् डॉ. सत्यवीर सिंह ने कहा कि एआई के दौर में तकनीक सीखना जरूरी है, लेकिन अपनी मौलिक सोच बनाए रखना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। तकनीक का विवेकपूर्ण इस्तेमाल करें, उसके गुलाम न बनें। उन्होंने युवाओं को विषय की गहरी समझ, नियमित अभ्यास और प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण पर ध्यान देने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना स्थानीय समस्याओं के समाधान से जुड़ी होनी चाहिए। शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन की चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान ही वास्तविक विकास का आधार हैं।
उल्लेखनीय है कि इस संवाद के राष्ट्रीय महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी युवाओं के विचार सुनते हैं। जनवरी 2026 में बागपत के युवा अमन कुमार ने टीम यूपी के ग्रुप कैप्टन के रूप में 79 युवाओं का नेतृत्व कर प्रदेश में जिले का नाम रोशन किया था।
इस अवसर पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी सोनू कुमार, शिप्रा सिंह, जिला युवा अधिकारी अनिकेत शर्मा, पूर्व ग्रुप कैप्टन अमन कुमार तथा निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. सत्यवीर सिंह, डॉ. गीता और तनु सूर्यान मौजूद रहे।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी