बागपत में एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग जारी, सुबह 10 बजे तक 8.37 फीसदी मतदान
बागपत, 23 अक्टूबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए जनपद बागपत में आज शुक्रवार को शांतिपूर्ण मतदान जारी है। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम तक चलेगा।
जिले में कुल 7 मतदान केंद्र और 21 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए 3982 मतदाता और शिक्षक निर्वाचन के लिए 3735 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार सुबह 10 बजे तक जनपद में 8.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिलाधिकारी / जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्यांशु पटेल और पुलिस अधीक्षक पूर्णेन्दु सिंह खुद फील्ड में हैं। दोनों अधिकारियों ने आज सुबह सबसे पहले विकासखंड बड़ौत और नगर पालिका परिषद बड़ौत के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
इसके बाद बागपत विकासखंड स्थित मतदान केंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, सीसीटीवी और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पूरे जनपद में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार भ्रमण कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी