डीएम ने किया ‘कांवड़ यात्रा एप’ लॉन्च, सुविधा और सुरक्षा की मिलेगी जानकारी
बागपत, 27 जुलाई (हि.स.)। बागपत जनपद में श्रावणी शिवरात्रि मेला और कांवड़ यात्रा काे डिजिटल रूप दिया गया है। जिलाधिकारी अस्मिता लाल के निर्देशन में सूचना विभाग ने क्यूआर कोड आधारित ‘कांवड़ यात्रा एप’ तैयार किया है, जिसका शुभारंभ सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर से किया गया। यह एप लाखों शिवभक्तों को एक क्लिक पर आवश्यक जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों में समय पर सही सूचना और त्वरित सहायता बेहद जरूरी होती है। यह एप श्रद्धालुओं के लिए डिजिटल साथी की तरह काम करेगा और उनकी यात्रा को अधिक सुरक्षित व सुगम बनाएगा। उन्होंने एप के निर्माण में सहयोग देने वाले माय भारत स्वयंसेवक अमन कुमार की सराहना भी की।
जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी ने बताया कि इस एप के माध्यम से कंट्रोल रूम, मेडिकल सहायता, अग्निशमन सेवा, शौचालय, भंडारा स्थल, पार्किंग और कांवड़ मार्ग की पूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही, पुरा महादेव मंदिर परिसर का डिजिटल मैप भी जोड़ा गया है, जिससे बाहरी श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा।
एप की सबसे खास सुविधा ‘वन-क्लिक कंट्रोल रूम कनेक्ट’ है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क किया जा सकेगा। इसके अलावा भोजन की गुणवत्ता या अन्य समस्याओं को लेकर शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है।
इसे इस्तेमाल करने के लिए डाउनलोड की जरूरत नहीं है। श्रद्धालु क्यूआर कोड स्कैन कर या linktr.ee/KanwarYatra2026 के माध्यम से सीधे एप तक पहुंच सकते हैं।
प्रशासन ने अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु इस डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक बन सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी