बागपत में गैस सिलेण्डर की होम डिलीवरी अनिवार्य
बागपत, 25 मार्च (हि.स.)। गैस संकट और एजेंसियों पर भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी बागपत ने गैस सिलेण्डर की होम डिलीवरी अनिवार्य कर दी है। जनपद की सभी गैस एजेन्सी को निदेश जारी कर दिए गए है। निगरानी रखने के लिए पूर्ति विभाग को लगाया जा रहा है।
जिलाधिकारी अस्मिता लाल के माध्यम से निर्देश दिये गये हैं कि जनपद में गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस की उपलब्धता होने के बावजूद भी अनावश्यक रूप से उपभोक्ताओं की भीड़ लगी हुई है। संज्ञानित हुआ है कि गैस एजेंसियों द्वारा घरेलू गैस की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। इस कारण भी गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ लग रही है। मामले को गम्भीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिये हैं कि सभी गैस एजेंसियों से घरेलू गैस की होम डिलीवरी करायी जाये।
बता दें कि ऑयल मार्केटिंग कम्पनियों द्वारा जनपद में 32 गैस एजेन्सी कार्यरत हैं जिनके माध्यम से घरेलू गैस सिलेण्डर की आपूर्ति सुनिश्चित करायी जा रही है। वर्तमान में घरेलू गैस सिलेण्डर की मांग के सापेक्ष आपूर्ति में कोई समस्या या रूकावट नहीं हैं ,ऐसा दावा प्रशासन का है। निर्देश है कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेण्डर की आपूर्ति नगरीय गैस एजेंसियों के माध्यम से 25 दिन एवं ग्रामीण गैस एजेंसियों के माध्यम से 45 दिन के अन्तराल पर डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) द्वारा सुनिश्चित हैं, जिससे गैस सिलेण्डर की आपूर्ति वास्तविक उपभोक्ता को ही हो एवं इसके डायवर्जन / कालाबाजारी को रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को निर्देशित किया है कि अपने अधिकार क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक गैस एजेन्सी द्वारा घरेलू गैस की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से ही करायी जाये तथा गैस एजेंसियों पर अनावश्यक रूप से भीड़ एकत्रित न हो। लापरवाही करने वाली एजेन्सियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी