बांदा : बारिश से बागेन नदी पुल का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त, पुलिस ने बदला रूट
-ट्रक-बसें प्रतिबंधित, पुलिस ने जारी की यातायात एडवाइजरी
बांदा, 03 सितंबर (हि.स.)। लगातार हो रही भारी वर्षा का असर अब उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के सड़क मार्गों पर भी दिखाई देने लगा है। थाना बदौसा क्षेत्र अंतर्गत बागेन नदी पर बने पुल का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके चलते राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-35 पर यातायात प्रभावित हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस ने बागेन नदी पुल से भारी वाहनों और बसों के आवागमन पर रोक लगा दी है तथा यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की गई है।
भारी बारिश के कारण बागेन नदी पुल का एप्रोच मार्ग क्षतिग्रस्त होने से बदौसा की ओर से आने वाले ट्रक, बस और अन्य भारी वाहन पुल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वर्तमान में पुल से केवल दोपहिया वाहन और ई-रिक्शा जैसे छोटे वाहन ही अत्यंत सावधानी के साथ आवागमन कर पा रहे हैं। क्षतिग्रस्त एप्रोच मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।
यातायात पुलिस ने सुरक्षा के दृष्टिगत बदौसा में हड़हा मोड़ से बागेन नदी पुल की ओर फतेहगंज तिराहे तक ट्रक और बसों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है।
बांदा से चित्रकूट जाने वाले यात्रियों के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे अथवा बांदा-बिसंडा-पहाड़ी मार्ग का प्रयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, अतर्रा से चित्रकूट जाने वाले यात्रियों को अतर्रा-औरन-पहाड़ी मार्ग से यात्रा करने की अपील की गई है।
क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह ने बताया कि 3 सितंबर को थाना बदौसा क्षेत्र अंतर्गत बागेन नदी पर निर्मित पुल के क्षतिग्रस्त एप्रोच मार्ग पर मरम्मत का कार्य चल रहा है। उन्होंने चित्रकूट से बांदा आने वाले सभी भारी वाहनों के चालकों से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे अथवा राजापुर-कमासिन-बबेरू मार्ग का प्रयोग करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लगातार भारी वर्षा, नदियों के बढ़ते जलस्तर और विभिन्न स्थानों पर मार्ग क्षतिग्रस्त होने की स्थिति को देखते हुए लोग अनावश्यक यात्रा से बचें। आवश्यक यात्रा की स्थिति में निर्धारित वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही प्रयोग करें।
पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों एवं आमजन से यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करने और अपनी तथा अपने परिजनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही लोगों से मरम्मत कार्य के दौरान पुलिस का सहयोग करने को भी कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह