बागपत में अधिकारी विद्यार्थी संवाद: एसपी ने छात्रों को किया प्रेरित
बागपत, 21 अगस्त (हि.स.)। जनपद के यमुना इंटर कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित “अधिकारी-विद्यार्थी संवाद” कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने प्रतिभाग कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की जिज्ञासाओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके सवालों के सरल, तर्कसंगत व प्रेरणादायक उत्तर दिए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए निरंतर मेहनत और सकारात्मक सोच बेहद आवश्यक है। उन्होंने व्यक्तित्व विकास, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्रों को जागरूक करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना जरूरी है। साथ ही यातायात नियमों के पालन को जीवन की सुरक्षा से जोड़ते हुए नियमों का पालन करने की अपील की। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक ने सहज और प्रभावी ढंग से समाधान किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी