ज्येष्ठ के प्रथम बड़े मंगल पर लखनऊ में जगह—जगह लगे भण्डारे

 


लखनऊ,05 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ माह के प्रथम बड़े मंगल पर राजधानी लखनऊ में जगह-जगह भण्डारे का आयोजन किया गया। जबकि हनुमान मंदिरों में दर्शन करने के लिए भक्तों की लम्बी कतारें लगी रही। हनुमान सेतु, अलीगंज हनुमान मंदिर और हनुमंत धाम में पूरे दिन दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर लगे भण्डारे में बजरंगबली के भजन बजते रहे। जगह-जगह हनुमान जी का प्रसाद बांटा जाता रहा। भण्डारे में पूड़ी-सब्जी, बूंदी, कढ़ी-चावल और शरबत पाकर लोगों ने संकटमोचन का गुणगान किया। कई स्थानों पर आयोजकों ने प्लास्टिक मुक्त भण्डारा भी किया। साफ-सफाई की व्यवस्था भी अच्छी रही।

मंगलमान अभियान की टीम ने शहर में चल रहे भण्डारों का अवलोकन किया। टीम ने आयोजकों से स्वच्छता के साथ-साथ जल संरक्षण व प्लास्टिक मुक्त भण्डारा करने की अपील की।

प्रेस क्लब में पत्रकारों की ओर से भण्डारे का आयोजन किया गया। यहां पर शहर के प्रमुख पत्रकारों ने पहुंंचकर प्रसार ग्रहण किया। भण्डारे में पहुंचकर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद ने भी प्रसाद लिया।

इसके अलावा राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा के आवास पर आयोजित विशाल भंडारा कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत भाजपा के कई नेता शामिल हुए।

मंगलमान के प्रोफेसर रामकुमार तिवारी ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि मंगलमान, मंगल भाव वर्धन का अभियान है। इसका उद्देश्य हर दिन को मंगल, हर मंगल को बड़ा मंगल और बड़ा मंगल से राष्ट्र मंगल करने का है।

उन्होंने बताया कि हम सभी के लिए यह गर्व का विषय है कि हमारे प्रिय शहर लखनऊ में बड़ा मंगल पर्व इतनी धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व न केवल हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा की भावना का भी अद्वितीय उदाहरण है।

बड़ा मंगल को महापर्व घोषित कराने की पहल मंगलमान की ओर से की जा रही है, ताकि इस पर्व को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिले।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन