अब ऐप और क्यूआर कोड से सीधे महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकेंगी पीड़ित महिलाएं

 


लखनऊ, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आयोग की आगामी डिजिटल कार्ययोजना को लेकर अहम मार्गदर्शन लिया। इस मुलाकात के दौरान प्रदेश की महिलाओं की सुरक्षा और उनकी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष चर्चा हुई।

बबीता सिंह चौहान ने बताया कि महिला आयोग जल्द ही एक विशेष मोबाइल ऐप लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसके जरिए प्रदेश की हर महिला ऑनलाइन सीधे आयोग से कनेक्ट हो सकेगी।

इस नई व्यवस्था के तहत एक विशेष क्यूआर (QR) कोड जारी किया जाएगा, जिसे स्कैन करते ही प्रदेश के किसी भी कोने से कोई भी पीड़ित महिला अपनी शिकायत सीधे आयोग में दर्ज करा सकेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयोग की इस तकनीकी पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं के लिए सरल और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप इस कार्ययोजना को जल्द ही जमीन पर उतारा जाएगा। इस डिजिटल पहल से महिलाओं को अपनी शिकायतों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और तकनीक की मदद से उन्हें बेहद कम समय में न्याय मिल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन