बाबा साहब ने ऐसा संविधान दिया है, जहां हर धर्म और हर जाति को ताकत व सम्मान मिला है : रवि किशन
जौनपुर,14 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मंगलवार को गोरखपुर से भाजपा सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन पहुंचे। उन्होंने अंबेडकर तिराहे स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
पत्रकारों से बात करते हुए रवि किशन ने कहा कि आज डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती है और पूरा देश संविधान से चलता है। उन्होंने संविधान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बाबा साहब ने ऐसा संविधान दिया है, जहां हर धर्म और हर जाति को ताकत व सम्मान मिला है। उन्होंने बताया कि जहां लोगों के साथ अत्याचार हुआ, वहां बाबा साहब की किताब और उनकी कलम ने उन्हें खड़ा किया और समाज में उनका स्थायी वर्चस्व बढ़ाया।
सांसद ने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देश पर हर सांसद व विधायक को 10 प्रतिमाओं पर जाकर माल्यार्पण करना है और 10 कार्यक्रम आयोजित करने हैं। उन्होंने प्रण लिया कि वे बाबा साहब के इस संविधान के साथ भारत को एक विकसित देश की ओर ले जाएंगे।रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बाबा साहब के संविधान का सम्मान करते हुए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। उन्होंने बताया कि भारत की सबसे बड़ी पंचायत (संसद) में 2029 से महिलाएं बड़ी संख्या में बैठेंगी। इस संबंध में 16 से 17 अप्रैल के बीच एक विधेयक पारित होगा। उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति अब 2029 से 33 प्रतिशत की बड़ी तादाद में सदन में बैठेगी और अपने जिले व समाज के मुद्दों को उठाएगी।अन्य राज्यों में होने वाले चुनावों को लेकर रवि किशन ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बना रही है, असम में सरकार बन चुकी है, पुडुचेरी में भी सरकार बन रही है, जबकि तमिलनाडु और केरल में सीटें बढ़ेंगी।विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष ने बाबा साहब के संविधान का सहारा लेकर 2024 में जो करना था, वह करके भाजपा को नुकसान पहुंचाया। हालांकि, अब वह समय चला गया है और जनता जाग चुकी है। उन्होंने भविष्यवाणी की कि 2027 के चुनाव में 2017 के चुनाव का रिकॉर्ड टूटेगा। रवि किशन ने यह भी बताया कि भाजपा सरकार में गरीबों को मकान, अनाज और इलाज जैसी सुविधाएं मिल रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव