जनशक्ति जनता पार्टी के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी
बोले—बाबा के दर्शन करने के बाद मन को शांति मिलती है
वाराणसी, 23 मई (हि.स.)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े पुत्र और जनशक्ति जनता पार्टी के अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने शनिवार को यहां बाबा विश्वनाथ और काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई।
अपरान्ह में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार पर दर्शन के लिए पहुंचे तेज प्रताप यादव का प्रशंसकों से हर—हर महादेव का उद्घोष कर स्वागत किया। मंदिर के बाहर तपती धूप में भी तेज प्रताप के प्रशंसक उनके स्वागत के लिए डटे रहे। मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन के बाद तेज प्रताप यादव ने कहा कि पहले भी वे बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने काशी आते रहे हैं। बाबा के दर्शन करने के बाद मन को शांति मिलती है।
इधर मन भटक रहा था बाबा विश्वनाथ ने बुला लिया, इसलिए मैं काशी चला आया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के बाद तेज प्रताप यादव ने अपने परिवार के साथ काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। यहां उन्होंने पत्रकारों से भी कुछ देर बातचीत की। उन्होंने कहा कि बाबा का आशीर्वाद मिला है। राजनीतिक जीवन में भी उन्हीं का आशीर्वाद रहा है। वह अक्सर दरबार में आते रहते हैं और हमेशा से ही यहां से सच्ची श्रद्धा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी