बाबा नीम करोली का जन्म स्थान आस्था का केंद्र, पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण : डीएम

 


फिरोजाबाद, 02 जनवरी (हि.स.)। जिलाधिकारी ने शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ पूज्य नीम करोली बाबा के जन्म स्थान को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। जिसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है।

जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कहा कि नीम करोली बाबा का जन्म स्थान न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग के बनने से स्थानीय अर्थव्यवस्था और धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मार्ग के चौड़ीकरण की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए इसे 5.5 मीटर तक चौड़ा करने के निर्देश दिए। वर्तमान में संकरा मार्ग होने के कारण बाबा के दर्शन हेतु आने वाले भक्तों को जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता था। जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग चौड़ीकरण का विस्तृत प्रस्ताव (डीपीआर) तत्काल तैयार कर धर्मार्थ कार्य विभाग और लोक निर्माण विभाग को भेजना सुनिश्चित किया जाये। इस दौरान उप ज़िलाधिकारी टुंडला, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित आदि अधिकारी उपस्थित रहें।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़