इग्नू में शुरू हुआ बीए होमसाइंस और क्रिमिनल जस्टिस सोशल वर्क में सर्टिफिकेट कोर्स
हिन्दू कॉलेज मुरादाबाद के इग्नू अध्ययन केंद्र पर नए रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरु
विविध विषयों के विकल्प में एमए भगवदगीता, ज्योतिष, हिंदू अध्ययन जैसे नए कोर्स भी उपलब्ध
मुरादाबाद, 23 जून (हि.स.)। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) अध्ययन केंद्र, हिन्दू कॉलेज मुरादाबाद में विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और स्वरोजगार के नए द्वार खुल गए हैं। सत्र 2026 के लिए केंद्र पर दो नए अत्यंत महत्वपूर्ण और रोजगारपरक पाठ्यक्रम: बीए होमसाइंस तथा क्रिमिनल जस्टिस सोशल वर्क में सर्टिफिकेट कोर्स की शुरुआत की गई है।
हिंदू काॅलेज मुरादाबाद में इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो एके सिंह ने मंगलवार को बताया कि ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रवेश की अंतिम तिथि 15 जुलाई है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए इग्नू क्षेत्रीय केंद्र नोएडा की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. सिरान मुखर्जी ने बताया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य हमेशा से समाज के हर वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा पहुँचाना रहा है। इसी कड़ी में ये नए पाठ्यक्रम छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान देकर उनके करियर को नई दिशा प्रदान करेंगे। हिंदू कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सत्यव्रत सिंह रावत ने नए कोर्सेज की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गृह विज्ञान और क्रिमिनल जस्टिस जैसे विषय वर्तमान समय में बेहद प्रासंगिक हैं। ये कोर्स विद्यार्थियों में कौशल विकास को बढ़ावा देंगे, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. एके सिंह ने बताया कि इन दो नए कोर्सेज के अलावा इस सत्र से कई अन्य दिलचस्प और आधुनिक विषय भी जोड़े गए हैं। छात्र अब निम्नलिखित नए पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश ले सकते हैं। एमए भगवदगीता, ज्योतिष, हिंदू अध्ययन, एंथ्रोपोलॉजी, जर्नलिज्म (पत्रकारिता) और एप्लाइड उर्दू।
इसके साथ ही, केंद्र पर पूर्व से ही सफलतापूर्वक संचालित पारंपरिक और व्यावसायिक पाठ्यक्रम जैसे बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, एमबीए, बीलिब और एमलिब आदि में भी नए प्रवेश की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। इन सभी पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन/ऑफलाइन प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अथवा हिन्दू कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र पर संपर्क कर अपना पंजीकरण सुनिश्चित करा सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल