उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड निर्माण में लायी जाए तेजी : अमित कुमार घोष

 


लखनऊ, 13 अप्रैल (हि.स.)। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा अमित कुमार घोष की अध्यक्षता में सोमवार को उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के उद्देश्य से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

अपर मुख्य सचिव ने राज्य, जनपद एवं ब्लॉक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विशेष अभियान चलाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य ऐसे सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंच बनाना है, जिनके आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन पाए हैं, ताकि उन्हें योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि नोडल अधिकारियों सहित सभी संबंधित अधिकारी ब्लॉक स्तर तक सक्रिय रहकर अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करें। साथ ही, सभी जनपदों में व्यापक स्तर पर कैंप आयोजित कर अधिकतम संख्या में पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए।

श्री घोष ने कहा कि राज्य स्वास्थ्य अभिकरण (साचीज़) द्वारा अंतर्विभागीय समन्वय को और सुदृढ़ करते हुए राज्य स्तरीय टीमों को जनपदों में भेजा जाए, जो जिला स्तरीय टीमों के साथ मिलकर अभियान को गति प्रदान करने हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर कैम्प आयोजित कर पात्र लाभर्थियों के आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड निर्माण की संतोषजनक प्रगति न होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यालय पर तैनात संबंधित अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित सीएमओ की जवाबदेही तय की जाए।

बैठक में सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ऋतु महेश्वरी, सीईओ साचिज अर्चना वर्मा सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन