अयोध्या में 1.82 करोड़ की लागत से बनेगी हाईटेक नर्सरी
-नगर निगम की पहल से पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
-देसी-विदेशी प्रजातियों के पौधों का होगा उत्पादन
-पॉलिहाउस और आधुनिक तकनीक से तैयार होंगे उच्च गुणवत्ता के पौधे
अयोध्या, 15 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम की एक महत्वाकांक्षी पहल के तहत शहर में 1.82 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक हाईटेक नर्सरी का निर्माण किया जाएगा। यह नर्सरी कुशमाहा क्षेत्र में स्थापित होगी, जो न केवल पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देगी बल्कि पर्यटकों के लिए भी एक आकर्षक स्थल के रूप में विकसित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हरित विकास और शहर सौंदर्यीकरण के विजन को मजबूती प्रदान करने वाली यह परियोजना अयोध्या को पर्यावरण-अनुकूल और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कुशमाहा में प्रस्तावित हाईटेक नर्सरी में पॉलिहाउस और आधुनिक कृषि तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। इसमें स्वचालित सिंचाई प्रणाली, तापमान नियंत्रण, आर्द्रता प्रबंधन और उन्नत बीज प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इससे उच्च गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जाएंगे, जो रोग प्रतिरोधी और तेज विकास वाले होंगे। नर्सरी में देसी तथा विदेशी दोनों प्रकार की प्रजातियों के पौधों का उत्पादन होगा, जिसमें फल, फूल, सजावटी पौधे, औषधीय जड़ी-बूटियां और छायादार वृक्ष शामिल होंगे। यह नर्सरी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी। स्थानीय बागवानों और पर्यावरण प्रेमियों ने इस पहल का स्वागत किया है। एक स्थानीय किसान ने कहा ऐसी आधुनिक नर्सरी से हमारे पौधे बेहतर होंगे और बाजार में अच्छी कीमत मिलेगी। वहीं पर्यटक इसे घूमने लायक जगह मान रहे हैं।
नर्सरी को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने की योजना
अयोध्या में बढ़ते शहरीकरण के बीच हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए यह परियोजना शहर के वायु प्रदूषण को कम करने और जैव विविधता संरक्षण में सहायक होगी। साथ ही नर्सरी को पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने की योजना है। यहां सुंदर लैंडस्केपिंग, वॉकवे, साइनेज बोर्ड और बैठने की व्यवस्था के साथ इसे एक इको-पार्क जैसा स्वरूप दिया जाएगा, जहां राम भक्त और पर्यटक घूमने के साथ-साथ पर्यावरणीय जागरूकता भी प्राप्त कर सकेंगे।
पौधों की बिक्री से बढ़ेगी नगर निगम की आय
किसानों और बागवानों के लिए यह नर्सरी वरदान साबित होगी। स्थानीय किसान आसानी से उन्नत किस्म के पौधे प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उनकी बागवानी उत्पादकता बढ़ेगी और आय में वृद्धि होगी। नगर निगम की ओर से पौधों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित स्टाफ तैनात किया जाएगा। नर्सरी में उत्पादित पौधों की बिक्री से नगर निगम की आय भी बढ़ेगी, जो आगे अन्य विकास कार्यों में उपयोग की जा सकेगी।
युवाओं को उद्यमिता की ओर करेगी प्रेरित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या को रामनगरी के रूप में विकसित करने के साथ-साथ पर्यावरण और कृषि क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां छूने की दिशा में यह परियोजना एक ठोस प्रयास है। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि हाईटेक नर्सरी न केवल शहर के सौंदर्य को बढ़ाएगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी और युवाओं को कृषि उद्यमिता की ओर प्रेरित करेगी। पूरा प्रोजेक्ट पर्यावरण मित्र तकनीकों पर आधारित होगा, जिसमें सोलर ऊर्जा का उपयोग और पानी की बचत पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस नर्सरी के माध्यम से अयोध्या को एक ग्रीन सिटी बनाने का सपना साकार होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय