रोपे जाएंगे 43.99 लाख पौधे, लहलहाएगी अयोध्या
-अयोध्या को ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में विशेष वनों की होगी स्थापना
-खाका तैयार, जिले के 26 विभागों को मिली बड़ी जिम्मेदारी
-अकेले वन विभाग ही रोपेगा 20 लाख से अधिक पौधे
अयोध्या, 27 मई (हि.स.)। योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पौधरोपण अभियान 2026 को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की तैयारी जोरों पर है। इसी क्रम में अयोध्या को ग्रीन सिटी बनाने की दिशा में विशेष वनों की स्थापना का विस्तृत खाका तैयार किया गया है। वन विभाग के प्रमुख लक्ष्य के साथ अन्य विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की कुल संख्या 43,99,466 पहुंच गई है, जो राज्य स्तर पर एक अभूतपूर्व पर्यावरण संरक्षण अभियान का संकेत देता है।
अयोध्या में अभियान 2026 के तहत विशेष वनों की स्थापना का कार्यक्रम चल रहा है। इसमें वंदे मातरम वाटिका, महर्षि चरक वन, सामाजिक समरसता वन, समृद्धि वन, आकांक्षी वन, ऊर्जा रोपण (जलौनी प्रजाति) और फलदार प्रजाति की वाटिका शामिल हैं।
*जानिए, विशिष्ट वनों की कहां होगी स्थापना*
वंदे मातरम वाटिका: अयोध्या रेंज के पंचवटी द्वीप पर स्थापित की जाएगी। यहां इमली व अन्य फलदार प्रजातियों का रोपण होगा। महर्षि चरक वन: बीकापुर रेंज के अंतर्गत बेनी गद्दोपुर गांव में नीम, अर्जुन, आंवला, कंजी, बालमखीरा आदि औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। सामाजिक समरसता वन: माझा कैंट क्षेत्र में पीपल, पाकड़, बरगद आदि प्रजातियां लगाई जाएंगी।
समृद्धि वन: रुदौली रेंज के मवई वन ब्लॉक में सागौन, शीशम, महोगनी आदि लगेंगे। आकांक्षी वन: कुमारगंज रेंज के विश्व विद्यालय भूमि चौधरीपुर में पीपल, पाकड़, बरगद आदि। ऊर्जा रोपण: तिंदौली वन भूमि में जलौनी प्रजातियों का रोपण। फलदार प्रजाति वाटिका: मया रेंज के रामपुर हलवारा में आम, अमरूद, आंवला, नीबू, बेर आदि लगाए जाएंगे।
विभागवार लक्ष्यों की फैक्ट फाइल (वर्ष 2026-27)
विभाग का नाम-लक्ष्य
वन विभाग-20,50,000,
ग्राम्य विकास विभाग-12,24,786,
राजस्व विभाग-1,15,000,
पंचायती राज विभाग-1,39,000,
आवास विकास विभाग-6,000,
औद्योगिक विकास-7,000,
नगर विकास-23,000,
लोक निर्माण विभाग-13,000,
सिंचाई विभाग/नमामि गंगे-13,000,
कृषि विभाग-27,6000,
पशुपालन विभाग-7,000,
सहकारिता विभाग-6,160,
उद्योग विभाग-10,000,
विद्युत विभाग-5,040,
माध्यमिक शिक्षा-8,000,
बेसिक शिक्षा-14,000,
प्राविधिक शिक्षा-5,000,
उच्च शिक्षा-19,000,
श्रम विभाग-3,200,
स्वास्थ्य विभाग-10,000,
परिवहन विभाग-3,000,
रेलवे विभाग-12,000,
रक्षा विभाग-6,000,
उद्यान विभाग-1,69,000,
पुलिस विभाग-7,280,
पर्यावरण विभाग-2,48,000,
2025-26 की प्रगति और 2026 का लक्ष्य
वर्ष 2025 जुलाई में वन विभाग ने 13,10,280 पौधे रोपित किए जबकि अन्य विभागों ने 2,70,14,00 का लक्ष्य पूरा किया। वर्ष 2026 जुलाई में वन विभाग का लक्ष्य 20,50,000 रखा गया है, जो पिछले वर्ष से लगभग 79.07% अधिक है। कुल अन्य विभागों का योग 23,49,466 है।
पर्यावरणीय संतुलन की नई मिसाल मिलेगी
प्रभागीय वनाधिकारी प्रखर गुप्ता ने बताया कि यह अभियान जलवायु परिवर्तन से निपटने, मिट्टी संरक्षण और जल संवर्धन में भी सहायक सिद्ध होगा। अयोध्या धाम को देश का सबसे हरा-भरा तीर्थ स्थल बनाने का सपना अब साकार होने जा रहा है। योगी सरकार के इस प्रयास से न सिर्फ अयोध्या बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश को पर्यावरणीय संतुलन की नई मिसाल मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय