42 किलोमीटर मार्गों की मरम्मत का अभियान शुरू

 


-जल जीवन मिशन के बाद अब सड़कों की सुध, 195 गांवों एक अक्टूबर से 10 नवंबर तक होगा पुनर्स्थापना कार्य

-पाइपलाइन के लिए खोदी सड़कें अब होंगी दुरुस्त, अयोध्या में 42 किलोमीटर हिस्से पर चलेगा अभियान

-गांवों की क्षतिग्रस्त राहों को मिलेगा नया स्वरूप, फोटो-वीडियो से जल सारथी ऐप पर दर्ज करें शिकायत

-5,529 किलोमीटर मार्ग हो चुके बहाल, शेष हिस्से को संवारने के लिए जल निगम ने तेज किया काम

अयोध्या, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सरकार के गांव-गांव शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन के बाद खोदी गई सड़कों को अब पूरी तरह दुरुस्त किया जाएगा। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से एक अक्टूबर से 10 नवंबर तक वृहद रोड रेस्टोरेशन अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई 5,571 किलोमीटर सड़कों में से 5,529 किलोमीटर का पुनर्स्थापना कार्य पूरा हो चुका है। अब शेष 42 किलोमीटर क्षतिग्रस्त मार्गों को अभियान के तहत दुरुस्त कराया जाएगा।

949 गांवों में सड़कों की मरम्मत पूरी

जल जीवन मिशन के अंतर्गत अयोध्या के 1,144 राजस्व ग्रामों में से 889 गांवों में नियमित पेयजलापूर्ति शुरू हो चुकी है। शेष गांवों में चरणबद्ध तरीके से पानी पहुंचाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में घर-घर जलापूर्ति के लिए जनपद में कुल 10,542 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। पाइपलाइन डालने के लिए 5,571 किलोमीटर सड़क खोदनी पड़ी थी। इसमें से 5,529 किलोमीटर हिस्से का पुनर्स्थापना कार्य पूरा हो चुका है।

जल निगम के अनुसार 1,144 राजस्व ग्रामों में से 949 ग्रामों में सड़कों का शत-प्रतिशत पुनर्स्थापना कार्य पूरा हो गया है। शेष 195 ग्रामों में क्षतिग्रस्त मार्गों को अभियान के दौरान प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाएगा।

सड़क खराब है तो फोटो-वीडियो से करें शिकायत

यदि किसी गांव में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क अब तक दुरुस्त नहीं हुई है, तो ग्रामीण जल सारथी ऐप के माध्यम से फोटो और वीडियो के साथ शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित अधिकारियों को भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त शिकायतों की निगरानी उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) मुख्यालय स्तर से की जाएगी। ग्रामीण पेयजल योजनाओं से संबंधित शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-1212-164 और जल समाधान ऐप समेत अन्य माध्यम भी उपलब्ध हैं। रोड रेस्टोरेशन अभियान के मद्देनजर जल सारथी ऐप पर सड़क पुनर्स्थापना के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

ऐसे दर्ज करें जल सारथी ऐप पर शिकायत

ग्रामीण अपने मोबाइल में जल सारथी ऐप इंस्टॉल करने के बाद ‘सड़क पुनर्स्थापना/मरम्मत अभियान’ विकल्प पर क्लिक कर सकते हैं। इसके बाद नाम, गांव का नाम और पूरा पता दर्ज करना होगा। सड़क की स्थिति से संबंधित फोटो और वीडियो अपलोड करने के बाद शिकायत दर्ज हो जाएगी। प्राप्त शिकायत को संबंधित अधिकारियों तक भेजकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।https://play.google.com/store/apps/details?id=com.jal.sarthi है।

10 नवंबर तक चलेगा अभियान

उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण), निर्माण खंड अयोध्या के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान विभिन्न प्रकार की सड़कों को खोदना पड़ा था।पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद अधिकांश मार्गों का पुनर्स्थापना कार्य कराया जा चुका है। शेष 195 ग्रामों में सड़कों को दुरुस्त करने के लिए एक अक्टूबर से वृहद अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान काम युद्धस्तर पर कराया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी गांव में सड़क अब भी क्षतिग्रस्त है तो जल सारथी ऐप पर फोटो और वीडियो के साथ शिकायत दर्ज कराएं, ताकि उसका शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय