विधायक वेद गुप्ता ने छात्रावास में सम्पर्क कर छात्रों को किया सम्मानित
अयोध्या, 22 अप्रैल (हि.स.)। अम्बेडकर जयंती सप्ताह के तहत शहर के रानोपाली स्थित डा भीमराव अम्बेडकर छात्रावास में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पहुंचकर छात्रों से संपर्क व संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा, “सरकार द्वारा अनुसूचित वर्ग के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। शिक्षा के माध्यम से ही समाज को सशक्त बनाया जा सकता है और छात्र देश के भविष्य के निर्माता हैं।”
विधायक ने छात्रों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें इनका अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्र अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें और कठिन परिश्रम से आगे बढ़ें। इस अवसर पर छात्रावास के छात्रों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव विधायक के समक्ष रखे। जिनके समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष मुकेश तिवारी, राजेश मिश्र सहित बड़ी संख्या में छात्र व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय