वन महोत्सव का शुभारंभ, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया पौधरोपण
अयोध्या, 01 जुलाई (हि.स.)। एक जुलाई से प्रारंभ हुए वन महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल, सहादतगंज परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधरोपण के साथ ही इनके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी भी अलग-अलग व्यक्तियों और संस्थाओं को सौंपी गई, ताकि लगाए गए पौधे भविष्य में विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को साकार कर सकें।
इस अवसर पर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि बढ़ता पर्यावरण प्रदूषण और घटता हरित क्षेत्र आज पूरी दुनिया के लिए गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वन महोत्सव के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। सरकारी संस्थानों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाए जाएंगे तथा जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। मौके पर मीडिया प्रभारी अमित कुमार मिश्र, कैंटोनमेंट बोर्ड के उपाध्यक्ष राम मिलन निषाद, वन विभाग से रतेंद्र त्रिगुणायत सहित वन विभाग के अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय