अयोध्या में पेड़ गिरने से कार दबी, युवक की मौत
हादसे में आकाश वर्मा नाम के किशोर की मौत, एक किशोर घायलघायल को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
अयोध्या, 26 सितंबर (हि.स.)। प्रयागराज हाईवे पर थाना पूराकलंदर के मसौधा बाजार में भारी भरकम बरगद का पेड़ शनिवार को गिर गया और बरगद पेड़ के नीचे एक कार दब गई। हादसे में 18 वर्षीय आकाश वर्मा नाम के युवक की मौत हाे गई और एक किशोर घायल हाे गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों थाना क्षेत्र के ही शिवदासपुर शुक्ल का पुरवा के रहने वाले थे।
थाना प्रभारी अश्विनी पांडेय ने बताया कि थाना क्षेत्र के शिवदासपुर, शुक्ल का पुरवा निवासी पंकज शुक्ला अपने परिवार के साथ कार से मसौधा बाजार सामान लेने पहुंचे थे। पंकज कार से उतरकर सामान लेने चले गए। इसी दौरान तेज आंधी चलने लगी और बरगद का पेड़ अचानक कार के ऊपर जा गिरा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव शुरू कराया। कार में फंसे दोनों को बाहर निकाला गया। इनमें आकाश वर्मा की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरे किशोर को घायल हालत में जिला अस्पताल भेजा गया।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय