तिरंगे के सम्मान में निकली यात्राएं, शहर से ग्रामीण तक गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

 


अयोध्या, 10 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत अयोध्या में राष्ट्रभक्ति का माहौल नजर आया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग यात्रा में शामिल हुए और भारत माता के जयकारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया।

करियप्पा मंडल की तिरंगा यात्रा रिकाबगंज चौराहे से प्रारंभ होकर नियावां तक गई। यात्रा में मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही के साथ विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूराबाजार में तिरंगा यात्रा ब्लॉक मुख्यालय से शुरू होकर पुलिस चौकी तक पहुंची। यात्रा की अगुवाई विधायक वेद प्रकाश गुप्ता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र सिंह ने की। ग्रामीण क्षेत्र में यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह दिखाई दिया।

इसके अलावा वीर शहीद अब्दुल हमीद वार्ड, चित्रगुप्त वार्ड सहित शहर के करीब दो दर्जन वार्डों में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। विभिन्न मार्गों पर भारत माता के जयकारे और राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच कार्यकर्ताओं ने लोगों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

इस मौके पर सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और गौरव का प्रतीक है। हर नागरिक को इसके सम्मान और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य का संकल्प लेना चाहिए। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाना है। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि अयोध्या में शहर से लेकर गांव तक तिरंगे के सम्मान में उत्साह दिखाई दे रहा है।

रिकाबगंज से निकली यात्रा का संयोजन करियप्पा मंडल अध्यक्ष रवि सोनकर ने किया। यात्रा में जिला पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित, शक्ति सिंह, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, चन्द्र प्रकाश गुप्ता, अमल गुप्ता, मनोज जायसवाल, शैलेन्द्र कोरी, परमानंद मिश्र, तिलकराम मौर्या, बाल कृष्ण वैश्य, शशिप्रताप सिंह, हरभजन गौड, रीना द्विवेदी, गरिमा मौर्या, शिवम शुक्ला, विकास सिंह, स्मृता तिवारी, पूरा बाजार की यात्रा में अरविंद सिंह, हरभजन गौड, प्रदीप सिंह, देवता पटेल, किसान वर्मा, राजेश पाठक, गन्ना समिति के चेयर मैन दीपेन्द्र सिंह, शम्भू नाथ सिंह दीपू, सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

विभाजन विभिषिका दिवस पर निकाला जाएगा मौन जलूस

विभाजन विभिषिका दिवस 14 अगस्त को भारतीय जनता पार्टी मौन जुलूस निकालेगी। मौन जलूस रिकाबगंज से सर्किट हाउस तक निकाला जाएगा। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि 14 अगस्त भारतीय इतिहास का काला दिवस है। इस दिन भारत के भूगोल, समाज व संस्कृति का बंटवारा हो गया। इस दौरान देशवासियों ने घोर कष्ट उठाए। उस पीड़ा को कभी भुलाया नही जा सकता है। वर्तमान पीढ़ी को उस पीडा से अवगत कराने के लिए सर्किट हाउस में संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा संगोष्ठी में विभाजन विभिषिका की पीडित परिवारों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय