स्वच्छ भारत मिशन के तहत 755 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण

 


-ग्राम पंचायतों में स्वच्छता सुविधाओं का सुदृढ़ विस्तार

-ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और स्वास्थ्य को बढ़ावा

अयोध्या, 07 मई (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन के तहत जनपद अयोध्या में स्वच्छता क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की गई है। अप्रैल 2017 से मार्च 2026 तक जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में 755 सामुदायिक शौचालयों का सफल निर्माण कराया गया। इस उपलब्धि से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं का सुदृढ़ विस्तार हुआ और खुले में शौच मुक्त (ओडीएफ) अभियान को नई मजबूती मिली है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जनपद प्रशासन ने ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक स्तर पर कार्य किया। इन सामुदायिक शौचालयों का निर्माण उच्च गुणवत्ता वाले मटेरियल से किया गया है, जिसमें महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। शौचालयों में पानी की व्यवस्था, रोशनी और साफ-सफाई के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित की गई है। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता और स्वास्थ्य स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिल रहा है। पहले जहां खुले में शौच की समस्या आम थी, वहीं अब गांवों में स्वच्छता की आदतें विकसित हो रही हैं।

--निगरानी और गुणवत्ता जांच भी सुनिश्चित

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इन शौचालयों के निर्माण से जलजनित बीमारियों में कमी आई है और बच्चों तथा महिलाओं की सुरक्षा भी बढ़ी है। जनभागीदारी की बदौलत यह मिशन और अधिक प्रभावी साबित हो रहा है। ग्राम पंचायतों के प्रधानों, स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय युवाओं ने सक्रिय रूप से निर्माण कार्य में सहयोग किया। जिला प्रशासन ने नियमित रूप से निगरानी और गुणवत्ता जांच भी सुनिश्चित की।

--समाज में स्वच्छता की एक नई संस्कृति का निर्माण

सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि यह उपलब्धि पूरे उत्तर प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से न केवल शौचालय बनाए जा रहे हैं, बल्कि समाज में स्वच्छता की एक नई संस्कृति का निर्माण हो रहा है। अयोध्या जिले के इस सफल मॉडल को अन्य जिलों में भी अपनाने की दिशा में कार्यवाही की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय