सपा ने गांधी पार्क से कचहरी तक निकाला पैदल मार्च, कलेक्ट्रेट पर सौंपा ज्ञापन
अयोध्या, 05 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और मतदाता सूची व चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किया। गांधी पार्क से कचहरी तक पैदल मार्च निकाला गया। सांसद अवधेश प्रसाद ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला भी फूंका। इसके बाद कलेक्ट्रेट गेट पर सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर मतदाताओं के अधिकार प्रभावित किए जा रहे हैं। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर भाजपा के साथ मिलकर वोटों की चोरी कराने का आरोप लगाते हुए उन्हें पद से हटाने अथवा इस्तीफा देने की मांग की। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय ‘पवन पांडे’ ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है। किसी पात्र नागरिक का नाम हटने से उसके मतदान के अधिकार पर असर पड़ता है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने और उठ रहे सवालों का जवाब देने की मांग की।
पूर्व मंत्री आनंद सेन यादव, पूर्व विधायक अब्बास अली जैदी ‘रुश्दी मियां’ और पूर्व विधायक जयशंकर पांडेय ने भी मताधिकार की सुरक्षा और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। जिलाध्यक्ष जय सिंह यादव ने कहा कि पार्टी का सात दिवसीय ‘लोकतंत्र बचाओ अभियान’ गांव और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा। कार्यकर्ता मतदाता सूची की जांच कर पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने के लिए आवाज उठाएंगे। प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव, हामिद जाफर मीसम, अजीत प्रसाद, हाजी फिरोज खान गब्बर, लौटन राम निषाद, राघवेंद्र प्रताप सिंह अनूप, महिला जिलाध्यक्ष सरोज यादव,बख्तियार खान समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय