श्री गणेश चतुर्थी से प्रारंभ हुआ श्री गणेश उत्सव
अयोध्या, 14 सितंबर (हि.स.)। श्री गणेश चतुर्थी के आते ही पूरे समाज में भक्तिमय वातावरण बनने लगता है और धार्मिक उत्सव की , जो एक लंबी श्रृंखला है, वह भी श्री गणेश चतुर्थी से प्रारंभ हो जाती है। इसी क्रम में पूरे जनपद में गणेश उत्सव का भी आगाज हो चुका है, श्री गणेश उत्सव के प्रारंभ से पूर्व ही केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति जनपद अयोध्या के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल एवं संयोजक गगन जायसवाल ने आज प्रातः ही शुभम हॉट सुभाष नगर पर केंद्रीय समिति के वरिष्ठ पदाधिकारीगण और श्री गणेश पूजा समितियां के प्रमुखों से उत्सव में उनकी तैयारीयों का विस्तृत विवरण प्राप्त किया।
ज्ञातव्य हो कि पूरे जनपद में लगभग डेढ़ सौ स्थान पर श्री गणेश प्रतिमाओं की स्थापना इस गणेश उत्सव में होना है। श्री गणेश चतुर्थी के अवसर पर आज ग्रामीण क्षेत्र की कुछ समितियों सहित नगर की पांच समितियां अपने-अपने पूजा स्थलों पर श्री गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करेंगे, जिसमें मुख्यतः पॉपुलर गली के सामने, ठठरैय्या मोहल्ले में, साहबदीन-सीताराम स्कूल के सामने अमानीगंज में, रामनगर कॉलोनी के शिवालय में तथा हौसिला नगर में श्री गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करके नगर में पूजन अर्चन का कार्यक्रम प्रारंभ हो जाएगा ! और इसी के साथ नगर में उत्सवों के श्रृंखला का शुभारंभ श्री गणेश जी महाराज के माध्यम से हो जाएगा। केंद्रीय समिति के प्रवक्ता केशव बिगुलर के अनुसार श्री गणेश उत्सव की प्रतिमाएं समिता अपने-अपने क्षमता के अनुसार स्थापित करती हैं लेकिन मुख्यतः अंतिम तीन दिवसीय जो पूजा पंडालों में स्थापना की जाएगी, उसी से समस्त समितियां अपने उत्सव को एक महोत्सव में परिवर्तित करते हुए, पूरे नगर में एक भक्तिमय वातावरण प्रस्तुत करेंगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय