भाजपा सरकार में अनुसूचित जाति सबसे अधिक सुरक्षित : बैजनाथ रावत

 


अयोध्या, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत रविवार को शिकायतों की समीक्षा के लिए अयोध्या पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार में अनुसूचित जाति सबसे अधिक सुरक्षित है और उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई व न्याय सुनिश्चित किया जाता है।

एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि गाजियाबाद में बकरीद के दिन हुए हिंदू युवक की हत्या पर दुख जताया। उन्होंने घटना को निंदनीय बताते हुए इसे देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

बैजनाथ रावत ने कहा कि योगी सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने आरोपी के एनकाउंटर को सराहनीय निर्णय बताते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने की उम्मीद जताई।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर उन्होंने कहा कि यह चुनाव भी पिछले चुनावों की तरह ऐतिहासिक होगा। उनके अनुसार, बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावों के परिणाम वैचारिक परिवर्तन का संकेत हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश में राष्ट्रवादी विचारधारा मजबूत हो रही है। सपा के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर उन्होंने कहा कि ऐसे नारे पुराने हो चुके हैं और जनता अब नई इबारत लिखने जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय