1.5 लाख के ऋण से शुरू किया कारोबार, आज सात मशीनों से दोना-पत्तल बना रही दुखना और समूह की महिलाएं
-अयोध्या के पूराबाजार की दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह ने स्वरोजगार से बदली आर्थिक स्थिति
-हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की बचत, सामूहिक मेहनत से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहीं महिलाएं
-वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य से प्रेरित महिला शक्ति की नई तस्वीर, नारियांवा की महिलाओं ने पेश की मिसाल
अयोध्या, 16 नवंबर (हि.स.)। आत्मनिर्भर बनने का संकल्प हो और साथ मिलकर आगे बढ़ने का हौसला, तो छोटे स्तर से शुरू किया गया काम भी सफलता की राह खोल सकता है। अयोध्या के पूराबाजार स्थित नारियांवा ग्राम पंचायत की दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने इसे सच कर दिखाया है। कभी सीमित संसाधनों के साथ शुरू हुआ दोना-पत्तल निर्माण का काम आज उनके नियमित रोजगार का जरिया बन चुका है। समूह ने शुरुआत में 1.5 लाख रुपये का ऋण लेकर पहली मशीन खरीदी और धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार किया। आज समूह के पास सात मशीनें हैं और सभी महिलाएं मिलकर उत्पादन कर रही हैं। इस काम से समूह हर महीने 25 से 30 हजार रुपये तक की बचत कर रहा है।
वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य से प्रेरित महिला शक्ति की यह कहानी ग्रामीण महिलाओं के श्रम, एकजुटता और आत्मनिर्भर बनने के संकल्प को दर्शाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्वयं सहायता समूहों को मिल रहे सहयोग के बीच दुखना तपस्या समूह ने स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार का रास्ता तैयार किया है।
1.5 लाख रुपये के ऋण से शुरू हुआ दोना-पत्तल निर्माण का काम
दुखना तपस्या स्वयं सहायता समूह ने दोना-पत्तल निर्माण के जरिए स्वरोजगार की शुरुआत की। शुरुआती दौर में समूह ने 1.5 लाख रुपये का ऋण लेकर पहली मशीन खरीदी और उत्पादन शुरू किया। काम आगे बढ़ा तो समूह ने कारोबार का विस्तार करने की दिशा में कदम बढ़ाए। सीसीएल (कैश क्रेडिट लिमिट) के तहत तीन लाख रुपये का अतिरिक्त ऋण मिलने से उत्पादन क्षमता बढ़ाने में मदद मिली। आज समूह के पास कुल सात मशीनें हैं, जिनके जरिए महिलाएं मिलकर दोना-पत्तल तैयार कर रही हैं।
सभी महिलाएं मिलकर कर रहीं उत्पादन, हर महीने 25 से 30 हजार की बचत
समूह की सदस्य दुखना पत्नी द्वारिका ने बताया कि शुरुआत में डेढ़ लाख रुपये का ऋण लेकर दोना-पत्तल बनाने की मशीन खरीदी गई थी। इसके बाद सीसीएल से तीन लाख रुपये की धनराशि लेकर कारोबार को आगे बढ़ाया गया और सात मशीनें लगाई गईं। अब समूह की सभी महिलाएं मिलकर काम करती हैं। इससे नियमित उत्पादन के साथ हर महीने बचत भी हो रही है। समूह की महिलाओं के लिए यह काम केवल आमदनी का जरिया नहीं, बल्कि अपनी मेहनत से आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर भी है। सामूहिक प्रयासों से नारियांवा की इन महिलाओं ने यह दिखाया है कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध अवसरों और आपसी सहयोग के सहारे ग्रामीण महिलाएं भी अपना कारोबार खड़ा कर सकती हैं।
आय के साथ बढ़ रहा महिलाओं का आत्मविश्वास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की ओर से स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयासों के बीच दोना-पत्तल निर्माण जैसी गतिविधियां आजीविका का माध्यम बन रही हैं। स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से शुरू होने वाले ऐसे व्यवसाय महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। दुखना तपस्या समूह की महिलाएं अपनी मेहनत और एकजुटता से इस बदलाव की मिसाल पेश कर रही हैं।
अन्य गांवों की महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रहा समूह
उपयुक्त स्वत: रोजगार सरिता गुप्ता ने बताया कि वीरांगना ऊदा देवी के शौर्य से प्रेरणा लेते हुए नारियांवा की महिलाएं भी अपने श्रम और सामूहिक प्रयासों से आगे बढ़ रही हैं। यह समूह साबित कर रहा है कि सही मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बन सकती हैं। दुखना तपस्या समूह की सफलता दूसरे गांवों की महिलाओं को भी स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपना काम शुरू करने के लिए प्रेरित कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय