युवा संवाद में युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को लेकर किया मंथन

 




अयोध्या, 12 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अयोध्या महानगर द्वारा आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम शनिवार को अवध विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद सभागार में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व एवं सकारात्मक परिवर्तन के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में लगभग 900 छात्रों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सह प्रांत प्रचारक संजय ने संघ की शताब्दी वर्ष की यात्रा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर छात्रों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को अपनी भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जुड़ते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

विशिष्ट वक्ता जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्री राम दिनेशाचार्य महाराज ने भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभाव को प्राथमिकता दें तथा समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अवध विश्वविद्यालय के कुलपति कर्नल बृजेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं के व्यक्तित्व एवं नेतृत्व विकास के लिए इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम प्रत्येक माह आयोजित किए जाएं।

कार्यक्रम में महानगर संघचालक विक्रम प्रसाद पांडेय, सहविभाग प्रचारक शैलेंद्र, महानगर प्रचारक सुदीप, सांय प्रचारक अनुज, विभाग प्रचार प्रमुख शैलेंद्र, दिनेश कुमार, अनिल, कार्यक्रम प्रमुख राणा आशुतोष सिंह, महानगर विद्यालय प्रमुख शिवेन सिंह, कार्यक्रम संचालक अनुभव एवं सर्वेश तिवारी सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, संस्कार एवं सकारात्मक परिवर्तन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय