व्यक्ति निर्माण ही आरएसएस की मूल भावना : केदारनाथ

 

अयोध्या, 01 अगस्त (हि.स.)। इनायतनगर स्थित ओम सतनाम कोटवाधाम रामरती रामनरेश शिक्षण-प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ के संयोजन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का गुरु दक्षिणा कार्यक्रम श्रद्धा एवं उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्वयंसेवकों ने भगवा ध्वज का पूजन कर राष्ट्रसेवा एवं संगठन के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

मुख्य वक्ता विभाग व्यवस्थापक केदारनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मूल उद्देश्य संस्कारित, चरित्रवान एवं राष्ट्रनिष्ठ व्यक्तित्व का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि समय के साथ व्यक्ति के मूल्य बदल सकते हैं, लेकिन राष्ट्र और संस्कृति के शाश्वत आदर्श सदैव अक्षुण्ण रहते हैं। इसी भावना के तहत संघ में त्याग, तप, समर्पण और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक भगवा ध्वज को गुरु का स्थान दिया गया है।

उन्होंने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति अर्पण, तर्पण और समर्पण की परंपरा पर आधारित है। समर्पण की भावना व्यक्ति को समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने की प्रेरणा देती है।

इस दौरान उन्होंने सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्व का बोध तथा कुटुंब प्रबोधन जैसे विषयों पर भी विचार व्यक्त किए तथा युवाओं से संघ के पंच परिवर्तन अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मनीष तिवारी, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, राम सजीवन मिश्रा, अजीत मौर्य, महेश ओझा, संतोष मिश्रा, शंभू सिंह, अजीत जायसवाल, चंद्रबली सिंह, ब्लॉक प्रमुख अमानीगंज पवन सिंह, शीतल बाजपेई, पवन तिवारी, अभिमन्यु मिश्रा, प्रधान मिल्कीपुर अनुराग सिंह, विवेक पाण्डेय, अखिलेश दुबे, प्रधान सहुलारा प्रताप गौड़, प्रधान मजनाई कैलाश जायसवाल, प्रधान संघ अध्यक्ष अमानीगंज पवन पांडे, प्रधान संघ अध्यक्ष हैरिंगटनगंज अशोक तिवारी, बेसिक शिक्षा ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, बेसिक शिक्षा ब्लॉक संघ अध्यक्ष मिल्कीपुर मुकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय