जमघट पर अयोध्या के आसमान में फिर साकार हुई रामायण, 2100 ड्रोन ने बिखेरी छटा
-सोमवार को उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से रामायण पर आधारित भव्य ड्रोन शो की दोबारा प्रस्तुति
-अयोध्यावासियों ने 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए आसमान में देखी रामायण की भव्य झलक
अयोध्या, 09 नवंबर (हि.स.)। दीपोत्सव की रौनक के बाद जमघट के मौके पर सोमवार की शाम अयोध्या के आसमान में एक बार फिर तकनीक और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से अयोध्यावासियों के लिए 2100 स्वदेशी ड्रोन के जरिए विशेष शो का आयोजन किया गया। इसमें आसमान पर उभरी रामायण के विभिन्न प्रसंगों ने लोगों को आकर्षित किया।
दीपोत्सव के मुख्य आयोजन में सात नवंबर को प्रस्तुत किया गया था। यह ड्रोन शो सोमवार को एक बार फिर स्थानीय लोगों के लिए आयोजित किया गया। करीब 2100 ड्रोन ने एक साथ उड़ान भरकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य आकृतियां बनाईं। इसके बाद रावण वध, पुष्पक विमान और भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी के दृश्य आसमान में साकार हुए। राम दरबार और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर की आकृतियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस भव्य आयोजन के अवसर पर इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ की न्यायमूर्ति, बबीता रानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि एवं वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे और इस अद्भुत छटा के साक्षी बने।
इस प्रस्तुति में रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि और रामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास को भी स्थान दिया गया। संगीत और कथावाचन के बीच ड्रोन की बदलती आकृतियों के जरिए रामायण के प्रसंगों को क्रमबद्ध तरीके से दिखाया गया। रोशनी और आधुनिक तकनीक के तालमेल ने प्रस्तुति को और प्रभावशाली बना दिया।
दीपोत्सव के दौरान देश-दुनिया के पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना यह ड्रोन शो जमघट पर अयोध्या के स्थानीय निवासियों के लिए फिर से देखने का अवसर लेकर आया। विशेष आयोजन के जरिए पर्यटन विभाग ने दीपोत्सव की उत्सवी छटा को एक और शाम तक बनाए रखा।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय