श्रीराम जन्मभूमि में संत महंत की मौजूदगी में हुआ झूला उत्सव
अयोध्या, 21 अगस्त (हि.स.)। सावन झूला मेला के अवसर पर शुक्रवार को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राम नगरी के संत महंत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भगवान श्रीराम के उत्सव विग्रह का झूला उत्सव पारंपरिक विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
झूला उत्सव के दौरान मंदिर परिसर का वातावरण रामनाम के जयघोष और भक्ति संगीत से गूंज उठा। संत-महात्माओं ने भगवान श्रीराम की आराधना कर लोकमंगल और सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालु भी प्रभु के मनोहारी झूला दर्शन कर भावविभोर नजर आए।
सावन के महीने में अयोध्या का झूला उत्सव सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है। इस वर्ष रामलला के झूलनोत्सव को विशेष भव्यता प्रदान की गई है। हाल ही में रामलला माता सीता और तीनों भाइयों के साथ रजत हिंडोले पर विराजमान हुए थे, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े थे।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में आयोजित झूला उत्सव ने एक बार फिर अयोध्या की सनातन परंपरा, भक्ति और आध्यात्मिक संस्कृति की भव्य झलक प्रस्तुत की।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय