श्रद्धालुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा : सूर्य प्रताप शाही

 




- राम मंदिर दान राशि विवाद पर सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि यह ट्रस्ट का आंतरिक मामला है : सूर्य प्रताप शाही

अयोध्या, 12 जून (हि.स.)। प्रदेश के कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे और उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में राम मंदिर दान राशि विवाद पर उन्होंने कहा कि यह ट्रस्ट का आंतरिक मामला है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कार्रवाई ट्रस्ट अपनी नियमावली के अनुसार करेगा। ट्रस्ट इस मामले को लेकर पूरी तरह सजग और सतर्क है।

उन्होंने कहा कि किसी भी श्रद्धालु की आस्था के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। यदि कहीं कोई कमी या अनियमितता है तो उसकी जांच की जा रही है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट एक स्वायत्त (स्वशासी) संस्था है। ट्रस्ट भारतीय ट्रस्ट कानून के तहत पंजीकृत स्वतंत्र संस्था है।

सरकार फिलहाल इस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर रही है, क्योंकि यह ट्रस्ट का विषय है। यदि ट्रस्ट सरकार से किसी सहायता या कार्रवाई की अपेक्षा करेगा, तो सरकार उस पर विचार करेगी।

कृषि मंत्री ने पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण किया

कृषि मंत्री ने अमावा राम मंदिर में पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल जी की प्रतिमा के अनावरण समारोह में सम्मिलित होकर प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आचार्य किशोर कुणाल जी ने अपने संपूर्ण जीवन को सनातन संस्कृति, सामाजिक सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए समर्पित किया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना के संरक्षण में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय