अयोध्या में राजघाट के निकट 22.72 करोड़ की लागत से आकार ले रहा आधुनिक एम्फीथिएटर

 




-अयोध्या के पर्यटन मानचित्र पर जुड़ने जा रहा नया आकर्षण, विकसित होगा अत्याधुनिक फूड प्लाजा

अयोध्या,22 जुलाई (हि.स.)। सरयू नदी के पावन तट पर स्थित राजघाट के निकट एक भव्य सांस्कृतिक परिसर का निर्माण तेजी से पूरा हो रहा है। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास योजना के तहत 22.72 करोड़ की इस महत्वाकांक्षी परियोजना में आधुनिक एम्फीथिएटर और फूड प्लाजा का विकास किया जा रहा है। यह परियोजना अयोध्या के पर्यटन मानचित्र पर एक नया आकर्षण जोड़ने जा रही है। रामकथा पर आधारित म्यूरल आर्ट पर्यटकों को खूब भाएगी।

यूपी प्रोजेक्ट्स कार्पोरेशन लिमिटेड की निर्माण इकाई-11 द्वारा संचालित इस परियोजना में अब तक ₹19.25 करोड़ की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है, जिसमें से 12.60 करोड़ व्यय हो चुका है। परियोजना जून 2025 में शुरू हुई थी और सितंबर 2026 में पूरी होने वाली है। वर्तमान में भौतिक प्रगति 85 प्रतिशत पहुंच चुकी है।

यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड परियोजना प्रबंधन मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि वर्तमान स्थिति के अनुसार पुरुष एवं महिला शौचालयों का स्ट्रक्चर, रैंप, गेबियन वॉल, रिटेनिंग वॉल तथा म्यूरल वॉल का कार्य पूर्ण हो चुका है। फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है। आठ अंडाकार फूड प्लाजा का फिनिशिंग कार्य भी तेजी से चल रहा है।

जानिए, क्या क्या रहेगी खासियत

परियोजना के प्रमुख कार्यों में एम्फीथिएटर का निर्माण, दिशासूचक की स्थापना, स्टेज निर्माण, दो छत्रियों का निर्माण, स्टोन जाली एवं स्टोन स्तंभों की स्थापना, पुरुष एवं महिला शौचालय, रैंप, गेबियन व रिटेनिंग वॉल, म्यूरल वॉल, फूड प्लाजा तथा विद्युतीकरण शामिल हैं। इन कार्यों से राजघाट क्षेत्र की सौंदर्यता बढ़ेगी और विरासत व आधुनिकता का सुंदर संगम दिखाई देगा।

श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं

यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास विजन का हिस्सा है, जिसमें सरयू किनारे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एम्फीथिएटर धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रामलीला, भजन-संध्या और अन्य कार्यक्रमों के लिए एक आधुनिक मंच प्रदान करेगा। फूड प्लाजा में श्रद्धालु और पर्यटक स्वादिष्ट भोजन का आनंद ले सकेंगे। म्यूरल वॉल पर रामायण और अयोध्या की पौराणिक कथाओं को चित्रित किया जाएगा, जो दर्शकों को आध्यात्मिक अयोध्या से रूबरू करायेगा। सरयू नदी के पावन तट पर स्थित राजघाट के निकट एक भव्य सांस्कृतिक परिसर का निर्माण तेजी से पूरा हो रहा है।

पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा

इस विकास कार्य से अयोध्या की पर्यटन क्षमता में वृद्धि होगी। राजघाट क्षेत्र का कायाकल्प होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय