संध्या सरोवर के सुधार को प्राधिकरण से होगा संवाद, महापौर-नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
नगर की सरकार, आपके द्वार अभियान में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, फौव्वारा व पार्क के सुंदरीकरण के निर्देश
अयोध्या, 24 अप्रैल (हि.स.)। संध्या सरोवर (लाल डिग्गी) की स्थिति में सुधार के लिए नगर निगम अब अयोध्या विकास प्राधिकरण से समन्वय स्थापित करेगा। शुक्रवार को ‘नगर की सरकार, आपके द्वार’ अभियान के तहत महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी व नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस लाइन तिराहा से सुबह निरीक्षण शुरू करते हुए टीम ने पुष्पराज चौराहा के पास चल रही नाली सफाई का जायजा लिया। शहीद फौव्वारा पर अशफाक उल्ला खां की प्रतिमा पर छतरी लगवाने और वीर सावरकर की प्रतिमा की टेढ़ी छतरी ठीक कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही फौव्वारा चालू कराने, पार्क की सफाई, रेलिंग पेंटिंग व पौधों की छंटाई के निर्देश भी दिए गए।
कोयला गली में जल निकासी की समस्या पर अधिकारियों ने जानकारी ली। अयोध्या विकास प्राधिकरण के नाले के चेंबर में पटिया गिरा मिलने पर नाराजगी जताई गई। संध्या सरोवर में पानी की कमी, गंदगी और जलकुंभी की अधिकता पर चिंता व्यक्त करते हुए नाले से गंदा पानी हटाने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने चेंबर को सीवर से जोड़ने, डायवर्जन कैनाल चालू कराने व नई सीवर लाइन डालने की बात कही।इसके बाद टीम आचार्य नरेंद्रदेव पार्क पहुंची, जहां अतिक्रमण पर नाराजगी जताते हुए उसे हटाने और सुंदरीकरण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 15 दिन में काम शुरू न होने पर निरस्तीकरण की चेतावनी दी गई। महापौर ने शहीद स्मृतिका को विशेष रूप से विकसित करने पर जोर दिया।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि पुलिस लाइन नाले की शुरुआत से अंत तक सफाई कराने और बेहतर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नाला निर्माण के लिए लेआउट सर्वे कराने को भी कहा गया। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
जांच में शुद्ध मिला पेयजल
नगर निगम द्वारा घर-घर जलापूर्ति की गुणवत्ता की जांच कराई गई, जिसमें टीडीएस 321 व पीएच मान 7.03 पाया गया। पानी में क्लोरीन की उपस्थिति भी मानक के अनुरूप मिली। भीषण गर्मी को देखते हुए क्लोरीनेशन की मात्रा संतुलित रखने के निर्देश दिए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय