महापौर को महिला पार्षदों ने बांधी राखी, दीर्घायु की कामना
अयोध्या, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के सरकारी आवास पर महिला पार्षदों ने धूमधाम से रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस अवसर पर महापौर की पत्नी राजलक्ष्मी त्रिपाठी भी मौजूद रहीं। महिला पार्षदों ने महापौर को राखी बांधकर उनके दीर्घायु होने और सुखद जीवन की कामना की। महापौर ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर मनीषा यादव, गरिमा मौर्या, अनीता द्विवेदी, गुंजा निषाद, अर्चना श्रीवास्तव, सुमन यादव, सुनीता गुप्ता, सुमन यादव, रमा उपाध्याय, कौसर, नीलम सिंह, शकुन्तला गौतम, बसंती सिंह आदि ने महापौर को राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में पार्षद रमाशंकर निषाद, भाजपा नेता अखिलेश पांडेय, निखिल श्रीवास्तव, सुनील यादव, मंसूर समेत अन्य लोग मौजूद रहे। शिवदयाल सरस्वती विद्यामंदिर की बालिकाएं महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के तिवारी मंदिर स्थित आवास पहुंचीं। बालिकाओं ने महापौर को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस अवसर पर बालिकाओं ने राष्ट्र और अयोध्या की तरक्की की कामना की।
महापौर ने सभी बालिकाओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भिक्षावृत्ति छोड़ शिक्षा की ओर बढ़ रहे 28 बच्चों ने उम्मीद संस्था की अगुआई में महापौर को राखी बांधी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। बच्चों को उत्साहवर्धन के लिए चॉकलेट, टॉफी, मिठाई एवं फल भी वितरित किए।कार्यक्रम में अभिषेक वर्मा, राजू कुमार शर्मा एवं गुलकिशन उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय