कीर्ति चक्र विजेता शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी की प्रतिमा का लोकार्पण

 


-10 लाख रुपये की लागत से नगर निगम ने स्थापित की है प्रतिमा व पार्क

अयोध्या, 22 मई (हि.स.)। बीते 22 मई 2025 को नॉर्थ सिक्किम में एक ऑपरेशन के दौरान अपने अग्निवीर साथी स्टीफन सुब्बा की जान बचाने की प्रयास में वीरगति को प्राप्त हुए कीर्ति चक्र विजेता शहीद शशांक तिवारी की प्रतिमा का अनावरण समारोहपूर्वक महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी एवं मंडलायुक्त राजेश कुमार ने किया। लाला लाजपत राय वार्ड के मझवा गद्दोपुर में आरटीओ आफिस के पीछे नगर निगम ने दस लाख रुपये की लागत से पार्क का विकास कर प्रतिमा स्थापित की है।

महापौर ने कहा कि शशांक जैसे लाल के जन्म लेने पर अयोध्या को गर्व है। नगर निगम के द्वारा शहीदों की याद में किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने शहीद की याद में गेट लगवाने का वादा किया। मंडलायुक्त ने कहा कि शशांक जैसे सैनिकों की याद में किया गया हर कार्य प्रेरणा दायक है। पूर्व सैनिक परिषद के जिलाध्यक्ष श्रीप्रकाश पाठक ने शहादत पर विस्तार से चर्चा की।

महापौर ने मंडलायुक्त के साथ पट का अनावरण कर प्रतिमा का लोकार्पण किया। इससे पूर्व शहीद के पिता जंग बहादुर तिवारी ने वैदिक रीति-रिवाज से प्रतिमा का पूजन किया। इस मौके पर शहीद की माता नीता तिवारी भावुक हो उठी। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने किया।

इस मौके पर डोगरा रेजिमेंट के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभात, साटम, मेजर गोकुल बाल्यान, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल संजीव कुमार, नगर निगम के उपसभापति संतोष सिंह, पूर्व उप सभापति जयनारायन सिंह रिंकू, पार्षद राम तीर्थ, दीप कुमार, अभिनव पांडेय, निखिल श्रीवास्तव, रामचंद्र निषाद, मनीष, ब्लाक प्रमुख अभिषेक सिंह, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कमलाशंकर पांडेय, अवधेश पांडेय बादल, सुनील शास्त्री, अभिषेक सिंह टोनू, हरिकरन सिंह, बृजेश त्रिपाठी, ओमप्रकाश सिंह नाहर, विनीत पांडेय आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय