अयोध्या में श्रद्धालुओं को डायरिया से बचाने के लिए पिलाया जा रहा है ओआरएस घोल

 


अयोध्या, 02 मई (हि.स.)। रामनगरी आने वाले श्रद्धालुओं को गर्मी के चलते होने वाले निर्जलीकरण एवं डायरिया जैसी बीमारी का सामना न करना पड़े, इसके लिए नगर निगम ने ओआरएस घोल वितरण का अभियान शुरू किया। शनिवार को लता चौक पर आयोजित शिविर में श्रद्धालुओं को ओआरएस पैकेट एवं घोल का वितरण कर महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अभियान की शुरुआत की।

स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से शुरू किए गए शिविर में नगर निगम की टीम ने सैकड़ों श्रद्धालुओं को ओआरएस घोलकर पिलाया और उन्हें इसके लाभ से परिचित कराया। महापौर ने इस मौके पर कहा कि नगर निगम न केवल सफाई और पेयजल व्यवस्था के लिए कटिबंध है, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य की चिंता भी उसकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इसीलिए नगर निगम ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से ओआरएस घोल के वितरण का अभियान शुरू किया है, जो पूरे माह जारी रहेगा।

इस अवसर पर पार्षद अनुज दास, रीशू पांडेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा, भाजपा नेता आलोक द्विवेदी, संत राकेशजी राजा महाराज सहित बड़ी संख्या में संभ्रांतजन मौजूद थे।

बहराइच से श्री राम मंदिर दर्शन करने आए राम शरण तिवारी ने ओआरएस का घोल प्राप्त होने पर स्थानीय सरकार और स्वास्थ्य विभाग के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार राम भक्तों को हर तरह की असुविधा से बचाना चाहती है।

राम मंदिर दर्शन करने के बाद ओआरएस प्राप्त करने वाले दिल्ली से आए अमित कुमार ने कहा कि यह योजना श्रद्धालुओं के लिए बहुत ही सुविधाजनक है। स्वास्थ्य का ख्याल सरकार रख रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय