एक साथ 1100 महिलाओं ने किया रुद्राभिषेक, हर-हर महादेव से गूंज उठी अयोध्या

 

-वशिष्ठ फाउंडेशन की वंचित समाज को वैदिक परंपराओं से जोड़ने की पहल -सामाजिक समरसता का बिखेरा संदेश

अयोध्या, 21 अगस्त (हि.स.)। सामाजिक समरसता और सनातन धर्म की वैदिक परंपराओं से महिलाओं को जोड़ने की अनूठी पहल शुक्रवार को अयोध्या में देखने को मिली। निषादराज चौराहा स्थित अरुंधति होटल में वशिष्ठ फाउंडेशन की ओर से सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। इसमें वंचित समाज की महिलाओं समेत करीब 1100 महिलाओं ने एक साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया। एक साथ बड़ी संख्या में महिलाओं के शिव पूजन से पूरा परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन के साथ हुई। आचार्य शिवेंद्र ने विधि-विधान से रुद्राभिषेक संपन्न कराया। महिलाओं ने भगवान शिव का जल, दूध और अन्य पूजन सामग्री से अभिषेक कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्हें फाउंडेशन की ओर से वस्त्र आदि उपहार में दिए गए।

वशिष्ठ फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि सनातन परंपरा समाज को जोड़ने का कार्य करती है। धार्मिक और वैदिक परंपराओं से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ना तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सामूहिक रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया।

सचिव राजलक्ष्मी त्रिपाठी ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सनातन धर्म की परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज को एकता के सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा कि एक साथ 1100 महिलाओं का रुद्राभिषेक आस्था और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत दृश्य रहा।

कार्यक्रम में महानगर क्षेत्र की महिला पार्षद, भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी महिलाएं तथा विभिन्न वर्गों की महिलाएं शामिल हुईं। इनमें वंचित समाज की महिलाओं की बड़ी संख्या रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके बाद बृजमोहन तिवारी की अगुवाई में कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। समापन भगवान शिवजी की आरती के साथ हुआ।

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल, रवि तिवारी, पार्षद रमाशंकर निषाद, पूर्व पार्षद मनोज श्रीवास्तव, प्रवीण सिंह, वरुण चौधरी, योगेश्वर सिंह, विपनेश पांडेय, कुलदीप मौर्य, चंद्रशेखर तिवारी, प्रदीप पांडेय, पूर्व पार्षद अशोका द्विवेदी, डॉ. राधा सिंह, आशा गौड़, अनामिका, प्रतिमा शुक्ला, गीता शुक्ला, शकुंतला गौतम, अनीता द्विवेदी, रंजना सागर, रोशनी निषाद, अनीता, शैल कुमारी, चंदा सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं व श्रद्धालु मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय