सावन मेले के लिए अयोध्या तैयार, श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं

 

-श्रावण मेला, कांवड़ यात्रा और झूला मेले को लेकर नगर निगम अलर्ट, सफाई से पेयजल तक पुख्ता इंतजाम

-अयोध्या में श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि, 471 बायो शौचालय, 109 चेंजिंग रूम और 85 वाटर कूलर की व्यवस्था

अयोध्या, 27 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मेला, कांवड़ यात्रा और सावन झूला मेले को लेकर अयोध्या धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अयोध्या नगर निगम ने व्यापक और बहुस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। लाखों श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वच्छता, पेयजल, आश्रय, स्नान, प्रसाधन, यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं को सुदृढ़ बनाया गया है। पूरे मेला क्षेत्र में 24 घंटे सफाई व्यवस्था संचालित की जा रही है, जिसकी नियमित निगरानी अयोध्या नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं कर रहे हैं। अयोध्या नगर निगम के नगर आयुक्त जयेन्द्र कुमार ने बताया कि नगर निगम के नागेश्वर नाथ मंदिर और मणिपर्वत मंदिर के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया है। नागेश्वर नाथ मंदिर की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मैट बिछाए गए हैं। वहीं तुलसी उद्यान, राम की पैड़ी, साकेत अंडरपास, भजन संध्या स्थल और बूथ-4 के समीप अस्थायी आश्रय स्थल विकसित किए गए हैं, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्राम की सुविधा मिल सके।

साइनेज से आसान होगी राह, 471 बायो शौचालय और 109 चेंजिंग रूम से श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधा

मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख स्थलों, शौचालयों और चेंजिंग रूम के आसपास दिशा सूचक साइनेज बोर्ड लगाए गए हैं। अयोध्या धाम के सभी मेला क्षेत्रों में चौबीसों घंटे सफाई अभियान चल रहा है, जबकि सरयू तट के सभी घाटों की नियमित धुलाई जेटिंग मशीनों से कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने 471 बायो शौचालय स्थापित किए हैं, जिनका उपयोग पूरी तरह निशुल्क किया जा रहा है। सरयू स्नान के बाद महिलाओं के लिए नौ स्थायी और 100 अस्थायी चेंजिंग रूम भी उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे महिला श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सम्मानजनक सुविधा मिल रही है।

पेयजल से स्वच्छता तक पुख्ता इंतजाम, अतिक्रमण हटाने और आवारा पशुओं पर भी नगर निगम की कड़ी नजर

पेयजल व्यवस्था को भी विशेष रूप से मजबूत किया गया है। नगर निगम क्षेत्र में कुल 85 वाटर कूलर स्थापित हैं, जिनमें अयोध्या धाम क्षेत्र में 48 और अयोध्या कैंट क्षेत्र में 37 वाटर कूलर संचालित हैं। इसके अलावा 25 वाटर कियोस्क भी लगाए गए हैं, जिनमें 18 अयोध्या धाम और सात अयोध्या कैंट क्षेत्र में हैं। इन सभी केंद्रों से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को निशुल्क शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से यूजर एंड प्वाइंट से जल के नमूने लेकर परीक्षण भी कराया जा रहा है। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, धर्मशालाओं, रेस्टोरेंट, होमस्टे और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही अयोध्या धाम के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए प्रवर्तन दल लगातार कार्रवाई कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम बना रहे। मेला क्षेत्र में सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है।आवारा गौवंश और छुट्टा पशुओं की रोकथाम के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो उन्हें पकड़कर गौशालाओं तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।

पॉलीथीन मुक्त अयोध्या का संदेश, श्रद्धालुओं को मिल रही बेहतर सुविधाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छ और सुंदर अयोध्या के संकल्प को साकार करने के लिए नगर निगम पॉलीथीन मुक्त अभियान भी चला रहा है। जन-जागरूकता के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा रहा है। इसके साथ ही पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) और वेरिएबल मैसेजिंग सिस्टम (वीएमएस) के जरिए श्रद्धालुओं को स्वच्छता अपनाने, पॉलीथीन का उपयोग न करने और यातायात नियमों के पालन संबंधी संदेश लगातार प्रसारित किए जा रहे हैं।

महापौर बोले- श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता, हर व्यवस्था को बनाया गया सुदृढ़

अयोध्या नगर निगम के महापौर व महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रावण मेला, कांवड़ यात्रा और सावन झूला मेले को लेकर स्वच्छता, पेयजल, आश्रय, शौचालय तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ की गई हैं। हमारा प्रयास है कि रामनगरी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित वातावरण मिले तथा वह सुखद अनुभव के साथ अयोध्या से लौटे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय