नाका क्षेत्र के 14 कोसी परिक्रमा मार्ग प्रभावित परिवारों के मुआवजे एवं पुनर्वास पर बनी सहमति

 


- प्रभावित भवन स्वामियों को 2.17 करोड़ से अधिक का मुआवजा, किराएदारों को भी नियमानुसार मिलेगा लाभ

अयोध्या, 25 सितंबर (हि.स.)। 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण से नाका क्षेत्र में प्रभावित परिवारों के मुआवजे एवं पुनर्वास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित भवन स्वामियों एवं दुकानदारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने के साथ ही प्रभावित व्यापारियों के पुनर्वास के लिए भी आवश्यक कदम उठाए हैं।

नाका क्षेत्र में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के संरेखण में 08 भवन एवं उनके आंशिक भाग में संचालित 13 दुकानें प्रभावित हुई हैं। प्रभावित भवन स्वामियों/दुकानदारों से सहमति प्राप्त कर उनके बैंक खातों में मुआवजा राशि हस्तांतरित किए जाने की कार्यवाही त्वरित गति से प्रक्रियाधीन है। प्रभावित भवन स्वामियों को कुल ₹2,17,15,611/- (दो करोड़ सत्रह लाख पंद्रह हजार छह सौ ग्यारह रुपये) का मुआवजा प्रदान किया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत प्रभावित किराएदारों को भी नियमानुसार मुआवजे का लाभ दिया जाएगा।

प्रभावित व्यक्तियों को देय मुआवजा राशि में मुरारी सिंह यादव को ₹65,05,754, घनश्याम यादव को ₹69,46,026, रवीन्द्र कुमार को ₹9,11,794, अमरदीप/श्रीमती आशा देवी को ₹9,11,794, दीपचन्द्र गुप्ता/शक्ति गुप्ता को ₹19,19,566, अमित कुमार सिंह को ₹99,285, श्रीमती प्रीती को ₹5,22,121, श्याम सुन्दर यादव को ₹19,87,569, मोहित यादव को ₹1,81,194, श्रीमती पूनम गुप्ता को ₹1,99,242, राजेन्द्र यादव को ₹4,64,680, हरीराम यादव को ₹2,05,332, रोहित यादव को ₹1,36,888, गिरिराज पाल को ₹1,42,714, अमर यादव को ₹2,01,699, आनन्द यादव को ₹2,01,699 तथा नीलाम्बर को ₹1,78,254 की मुआवजा राशि शामिल है।

प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास की भी होगी व्यवस्था

चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित पांच दुकानदारों को नगर निगम अथवा अयोध्या विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानों में दुकानें उपलब्ध कराने पर सहमति बनी है। इसके लिए नगर निगम द्वारा वेंडिंग जोन विकसित किए जाने की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही की जाएगी, जिससे प्रभावित व्यापारी पुनः अपना व्यवसाय संचालित कर सकें और उनकी आजीविका प्रभावित न हो।

उल्लेखनीय है कि 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई के पश्चात नाका क्षेत्र के प्रभावित परिवारों द्वारा मुआवजे एवं पुनर्वास की मांग की गई थी। इस संबंध में विधायक अयोध्या वेद प्रकाश गुप्ता द्वारा प्रभावित परिवारों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रकरण के समाधान के लिए पहल की गई।

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य मुआवजा एवं पुनर्वास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि प्रभावित परिवारों एवं व्यापारियों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर एडीएम सिटी दिनेश, एडीएम प्रशासन विशु राजा सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रभावित परिवारों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय