स्वतंत्रता दिवस पर अयोध्या मंडल में गरिमापूर्ण ढंग से हुआ ध्वजारोहण

 




मंडलायुक्त, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने किया ध्वजारोहण;वंदे मातरम् एवं राष्ट्रगान का हुआ सामूहिक गायन

अयोध्या, 15 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अयोध्या मंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने आयुक्त कार्यालय एवं कैंप कार्यालय में, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने कलेक्ट्रेट परिसर एवं कैंप कार्यालय में तथा मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह ने विकास भवन में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया।

ध्वजारोहण के उपरांत मंडलायुक्त राजेश कुमार ने आयुक्त सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संगोष्ठी में प्रतिभाग किया। संगोष्ठी में स्वतंत्रता आंदोलन, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान तथा स्वतंत्रता के पश्चात भारत की विकास यात्रा पर विचार-विमर्श किया गया।

मंडलायुक्त ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के त्याग और बलिदान को सदैव स्मरण रखना हमारा दायित्व है। देश के नागरिकों के अथक परिश्रम, समर्पण और योगदान से भारत निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि समय के साथ चुनौतियां भी बदल रही हैं और हमें नई चुनौतियों का पूरी क्षमता के साथ सामना करना होगा। उन्होंने मोबाइल एवं आधुनिक तकनीक का सदुपयोग करने, बच्चों को अच्छे संस्कार देने तथा युवाओं में स्वरोजगार की भावना को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने आयुक्त कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया।

वहीं, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने ध्वजारोहण के उपरांत अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित संगोष्ठी में प्रतिभाग किया गया, जिसमें अपर जिलाधिकारियों एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्वतंत्रता आंदोलन एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता सेनानी के परिजन शांति देवी सहित अन्य लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में स्वतंत्रता दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखना और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेना हम सभी का दायित्व है।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं संवेदनशीलता के साथ करें, ताकि आमजन को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं तथा न्याय उपलब्ध कराया जा सके।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए गए तथा स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम का संचालन श्री कौशल श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडे, अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा, मुख्य राजस्व अधिकारी गजेंद्र, नगर मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय, उप जिलाधिकारीगण सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय