जिला कारागार का जिला न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा एवं बंदियों की सुविधाओं का लिया जायजा
अयोध्या, 01 जुलाई (हि.स.)। जिला न्यायाधीश रणंजय कुमार वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ गौरव ग्रोवर ने बुधवार देर शाम जिला कारागार अयोध्या का संयुक्त निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुधांशु शेखर उपाध्याय, जेल अधीक्षक मुकेश कुमार पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव स्वर्ण माला सिंह तथा जेलर अंजली वर्मा भी उपस्थित रहीं।
अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों, चिकित्सालय, रसोईघर, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सुरक्षा प्रबंधों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी बंदियों को शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वच्छता, सुरक्षा एवं अनुशासन के उच्च मानकों का हर स्थिति में पालन सुनिश्चित किया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय