अब जल जीवन मिशन के सफलतम मॉडल के रूप में उभरने की राह पर अयोध्या

 


-3.33 लाख से अधिक घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य,701 गांवों में सप्लाई शुरू-540 में से 436 ओवरहेड टैंक तैयार,311 योजनाएं पूरी तरह पूर्ण-216830 घरों में नियमित जलापूर्ति,242 योजनाओं का संचालन भी शुरू

अयोध्या,09 अप्रैल (हि.स.)। अयोध्या जनपद में जल जीवन मिशन के तहत स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की मुहिम तेज गति से आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में चल रहे इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम के अंतर्गत 535 पेयजल योजनाओं का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इन योजनाओं के पूरा होने पर 1144 राजस्व ग्रामों के 3 लाख 33 हजार 584 घरों को नल से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

ग्रामीण जल निगम अयोध्या के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुण्डे और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में कार्य तेजी से चल रहा है। अभी तक 540 प्रस्तावित ओवरहेड टैंकों में से 436 टैंक पूर्ण कर लिए गए हैं, जबकि 311 योजनाएं पूरी तरह से शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुकी हैं। 701 गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरू हो गई है और 2 लाख 16 हजार 830 घरों को हर रोज स्वच्छ पेयजल मिल रहा है। साथ ही 242 योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव भी शुरू कर दिया गया है। शेष 224 निर्माणाधीन योजनाओं को 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पूर्ण हो चुकी योजनाओं में ऑटोमेशन सिस्टम लगाया गया है,जिससे शासन और जिला स्तर पर लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे पेयजल आपूर्ति की पारदर्शिता बढ़ी है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई संभव हो पा रही है।

महिलाओं को मिल रहा सशक्तिकरण का अवसर

उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन केवल पेयजल उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है,बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिलाओं के सशक्तिकरण का भी माध्यम बन रहा है। योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव के लिए 517 पम्प ऑपरेटरों को रोजगार दिया गया है,जिनमें 14 महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा हर राजस्व ग्राम में 5-5 महिलाओं को 'जल सखी' के रूप में नियुक्त किया गया है। इन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच का कार्य सौंपा गया है। जल सखियों को प्रति सैंपल परीक्षण के लिए भुगतान भी किया जा रहा है,जिससे उन्हें अतिरिक्त आय का स्रोत मिल रहा है।

ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति किया जा रहा जागरूक

विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल उत्सव और जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण,वर्षा जल संचयन और जल अपव्यय न करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

ग्रामीण जल निगम अयोध्या के अधिशासी अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि हमारा प्रयास है कि समयबद्ध तरीके से सभी योजनाएं पूर्ण हों। जहां योजनाएं शुरू हो चुकी हैं, वहां जल की गुणवत्ता और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। महिलाओं की भागीदारी से न केवल योजनाओं का बेहतर संचालन हो रहा है, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है। अयोध्या में जल जीवन मिशन की यह प्रगति संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में जब सभी 535 योजनाएं पूर्ण हो जाएंगी,तो अयोध्या के गांव-गांव में स्वच्छ पेयजल की समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। यह मिशन न केवल स्वास्थ्य सुधार कर रहा है, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण, स्थानीय रोजगार सृजन और जल संरक्षण की दिशा में भी एक मिसाल पेश कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय