जल जीवन मिशन से मिल्कीपुर के गांवों तक पहुंच रहा शुद्ध पेयजल, विधायक चंद्रभानु पासवान ने किया जनसंवाद
-319.19 लाख की अरमारूपीपुर पेयजल योजना से तीन राजस्व गांवों को लाभ, 642 परिवारों तक पहुंचा नल से जल
अयोध्या, 09 जुलाई (हि.स.)। मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अरमारूपीपुर में गुरुवार को जल जीवन मिशन के तहत जलापूर्ति जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक चंद्रभानु पासवान ने ग्रामीणों से संवाद कर जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी और स्वच्छ पेयजल के महत्व पर प्रकाश डाला।
विधायक ने बताया कि अरमारूपीपुर खास ग्रामीण पेयजल योजना पर 319.19 लाख रुपये की लागत आई है। इस योजना से अरमारूपीपुर खास, परसौली मु. भिटौरा और सफरदार भारी सहित तीन राजस्व गांवों को लाभ मिल रहा है। योजना के तहत 225 किलोलीटर क्षमता का ओवरहेड टैंक, नलकूप, पंपिंग प्लांट, 19.5 किलोवाट सोलर प्लांट, डीजी सेट, पंप हाउस और लगभग 13.53 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन का निर्माण किया गया है। निर्धारित 655 परिवारों में से 642 परिवारों को क्रियाशील नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं और नियमित जलापूर्ति की जा रही है।
विधायक ने बताया कि मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत 122 ग्रामीण पेयजल योजनाएं संचालित हैं, जिनसे 184 ग्राम पंचायतों के 265 राजस्व गांव आच्छादित हैं। इनमें से 54 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जिससे 77 ग्राम पंचायतों के 110 राजस्व गांवों के लोगों को शुद्ध पेयजल का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने ग्रामीणों से नल के माध्यम से मिलने वाले स्वच्छ, सुरक्षित एवं क्लोरीनीकृत पेयजल का नियमित उपयोग करने, जल की बर्बादी रोकने तथा जल संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने वृक्षारोपण भी किया तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के कार्यों की सराहना की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शेष निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान अरमारूपीपुर, आसपास के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, अधिशासी अभियंता अरविंद यादव, सहायक अभियंता, अवर अभियंता, डीपीएमयू, टीपीआई तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय