धूमधाम से निकली मां दुर्गा की शोभायात्रा, पुष्पवर्षा से हो हुआ स्वागत
अयोध्या, 20 अक्टूबर (हि.स.)। अयोध्या में धूमधाम से मां दुर्गा की शोभायात्रा निकाली गई, शोभायात्रा पर जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत हुआ। मंगलवार को रामनगरी अयोध्या में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की शोभायात्रा धूमधाम और गाजे-बाजे के साथ जीआईसी मैदान से निकली। शोभायात्रा में करीब 150 दुर्गा प्रतिमाओं के शामिल होने की जानकारी आयोजकों ने दी है।
जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर महिलाएं नृत्य करती नजर आईं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह, अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी और भाजपा के अन्य नेता शोभायात्रा की अगुवाई करते दिखे।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर भी शोभायात्रा में शामिल हुए। सपा के पूर्व मंत्री पवन पांडेय ने भी भाग लिया। शोभायात्रा फतेहगंज, सुभाष नगर, बजाजा चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइंस होते हुए अंतिम पड़ाव गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड पर पहुंची, जहां मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।
चौक घंटाघर पर कमिश्नर, डीआईजी, एसएसपी, जिलाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पुष्पवर्षा की जाएगी। विभिन्न समाजों और मंदिरों की ओर से भी स्वागत किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए विसर्जन मार्ग को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। राजपत्रित अधिकारियों के साथ सिविल पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। किसी भी समस्या पर तत्काल पुलिस या संबंधित मजिस्ट्रेट को सूचना देने को कहा गया है।
अयोध्या में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जारी, सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे आला अधिकारी
मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा अनवरत जारी है। जीआईसी मैदान से निकली शोभायात्रा गुप्तार घाट स्थित निर्मली कुंड पहुंच रही है, जहां विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा है।
प्रतिमाओं का सुरक्षित और सकुशल विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की टीमें ग्राउंड जीरो पर मुस्तैद हैं। कमिश्नर राजेश कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
वहीं, शहर में सिटी मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय और सीओ सिटी श्रेयस त्रिपाठी भी अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाले हुए हैं। सभी अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं, ताकि विसर्जन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।प्रशासन की निगरानी में दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। माना जा रहा है कि प्रतिमाओं के विसर्जन का यह सिलसिला देर रात तक जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय