दुर्गा पूजा में श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के साथ नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा के दर्शन करने का भी मिल रहा है अवसर

 


अयोध्या, 11 अक्टूबर (हि.स.)। रामनगरी अयोध्या में रविवार से शारदीय नवरात्र की शुरुआत हो गई है। पहले दिन शहर में 31 स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। इस बार श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के साथ नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा के दर्शन करने का भी अवसर मिल रहा है। फतेहगंज स्थित राम जानकी मंदिर में पहली बार नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं।

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने राम जानकी मंदिर में स्थापित प्रतिमाओं का शुभारंभ किया।लल्लू सिंह ने बताया कि मंदिर में मां दुर्गा के साथ नीम करोली बाबा और बर्फानी बाबा के दर्शन भी श्रद्धालु कर सकेंगे। नवरात्र और दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सभी दुर्गा पूजा पंडालों में पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिस और वालंटियर तैनात रहेंगे। पीएसी और सिविल पुलिस के जवान भी सुरक्षा संभालेंगे।

प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदियों में एसडीआरएफ की टीम और गोताखोर तैनात रहेंगे। ड्रोन से निगरानी के साथ मेडिकल टीमें भी मुस्तैद रहेंगी।महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड सक्रिय रहेगी। डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार आवाज रखने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, कुछ दुर्गा पूजा समितियों ने इस बार डीजे का इस्तेमाल नहीं करने का निर्णय लिया है। पुलिस-प्रशासन ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय