अपर मुख्य सचिव पर्यटन ने दीपोत्सव की तैयारियों का किया स्थलीय निरीक्षण

 




- कार्यक्रम स्थलों पर सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश

अयोध्या, 18 सितंबर (हि.स.)। दीपोत्सव की तैयारियों के संबंध में अयोध्या के विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का शुक्रवार को पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अपर मुख्य सचिव, अमृत अभिजात ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सरयू अतिथि गृह, हेलीपैड, राम कथा पार्क, पार्किंग स्थल, तुलसी उद्यान, राम की पैड़ी सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया।

अपर मुख्य सचिव ने नगर विकास विभाग से संबंधित दीपोत्सव के निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा। राम की पैड़ी पर यूपीपीसीएल द्वारा कराए जा रहे कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कार्यक्रम स्थलों पर पेयजल, घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं के आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दीपोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयुक्त सभागार में दीपोत्सव की तैयारियों की गहन समीक्षा

स्थलीय निरीक्षण के उपरांत अपर मुख्य सचिव ने आयुक्त सभागार में मंडल एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ दीपोत्सव की तैयारियों की गहन समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि इस वर्ष दीपोत्सव को गत वर्ष की अपेक्षा और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाए तथा सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय से पूर्ण कर ली जाएं।

उन्होंने झांकियों की गुणवत्ता एवं प्रस्तुतीकरण को और बेहतर बनाने, श्रीरामलीला एवं भरत मिलाप मंच की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने तथा दीपोत्सव के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दीपों की पर्याप्त उपलब्धता, देश-विदेश से आने वाले आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाएं, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करने को कहा।

अपर मुख्य सचिव ने देश के विभिन्न राज्यों की रामलीलाओं के आयोजन, मठ-मंदिरों में दीप प्रज्वलन, तीर्थ विकास परिषद के माध्यम से आवश्यक व्यवस्थाएं, राजमार्गों एवं प्रमुख मार्गों पर आकर्षक लाइटिंग, पास व्यवस्था, ड्रोन लाइट एवं आतिशबाजी आदि की तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दीपोत्सव के मुख्य कार्यक्रम में दक्षिण भारतीय रामलीला को भी शामिल करने तथा अन्य आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों को आयोजन की रूपरेखा में सम्मिलित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि दीपोत्सव को सुव्यवस्थित एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके।

बैठक में मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर, विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुराज जैन, नगर आयुक्त जैनेंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग एवं डायरेक्टर, मृदुल चौधरी, डिप्टी डायरेक्टर, सुश्री कीर्ति, जिला पर्यटन अधिकारी, पारिजात पांडेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय