योगी सरकार के कार्यकाल में कारागारों में हुआ सुधार : सुरेश राही

 


अयोध्या, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही रविवार को परिवार सहित अयोध्या पहुंचे। मंत्री ने यहां श्री राम जन्मभूमि में रामलला का दर्शन-पूजन किए और प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की।

अयोध्या पहुंचने पर कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही का सर्किट हाउस में कारागार विभाग के अधिकारियों ने स्वागत किया।यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या आए हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार मन करता है कि अयोध्या आकर रामलला के दर्शन करें।

राम मंदिर चढ़ावे में कथित घोटाले के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है और जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी।

उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश के कारागारों में लगातार सुधार हुआ है और जेलों को सुधार गृह के रूप में विकसित किया जा रहा है।

जेल से दो कैदियों के फरार होने के मामले पर उन्होंने कहा कि कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो जाती हैं, लेकिन संबंधित मामले में कार्रवाई की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कैदियों के सुधार और पुनर्वास के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि जेल से बाहर आने के बाद वे अच्छे नागरिक के रूप में समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें।

कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही ने 2027 विधानसभा चुनाव के सवाल पर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हमेशा चुनावी मोड में रहता है, जबकि पीडीए पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है और उनके लोग केवल अनाप-शनाप बयान देते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय