अयोध्या के पूराबाजार में विकसित हो रहा मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय

 


-परियोजना पर कुल आएगी 24.17 करोड़ रुपये की लागत

-अगले वर्ष अक्टूबर तक हो जाएगा विद्यार्थियों के लिए तैयार

अयोध्या, 02 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप अयोध्या में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। ब्लॉक पूराबाजार स्थित जूनियर हाईस्कूल भदौली को मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय के रूप में विकसित करने का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर कुल 24.17 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

बेसिक शिक्षा विभाग की इस बड़ी पहल के अंतर्गत यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई-11, अयोध्या द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। योजना के अंतर्गत अब तक 1208.54 लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है, जिसमें से 90 लाख रुपये व्यय हो चुके हैं। यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने रविवार काे बताया कि परियोजना का कार्य 29 अप्रैल 2025 को प्रारंभ हुआ है और इसे अगले वर्ष अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में मुख्य भवन की नींव खुदाई का कार्य प्रगति पर है, जबकि प्रधानाचार्य/उप प्रधानाचार्य आवास, स्टाफ आवास भवन एवं डॉर्मेट्री का प्लिंथ लेवल तक कार्य पूर्ण हो चुका है तथा आगे का निर्माण जारी है।

यह आधुनिक सुविधाएं रहेंगी विद्यालय में

इस कम्पोजिट विद्यालय में एकेडमिक मुख्य भवन, मिड डे मील भवन, बाल वाटिका भवन, मल्टीपरपज हॉल, प्रधानाचार्य/उप प्रधानाचार्य आवास, स्टाफ आवास, डॉर्मेट्री, सीसी रोड तथा बाउंड्रीवॉल (गेट सहित) का निर्माण शामिल है। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिलेगा और आवासीय व्यवस्था भी विकसित होगी।पूरा ब्लॉक के भदौली जूनियर हाईस्कूल को नई पहचान मिलेगी।

बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बनेगा केंद्र

अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त यह विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री के विजन से अयोध्या में शिक्षा का आधार और मजबूत हो रहा है। यह परियोजना न केवल बुनियादी ढांचे को उन्नत बनाएगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय